Varanasi News: काशी में सपा का डिंपल यादव के समर्थन में बड़ा प्रदर्शन, मौलाना रशीदी की गिरफ्तारी की मांग
Varanasi News: वाराणसी में मंगलवार को समाजवादी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ता सांसद डिंपल यादव पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सड़कों पर उतर आए और पुलिस आयुक्त कार्यालय का घेराव किया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादा पर चोट है। उन्होंने आरोपी मौलाना साजिद रशीदी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि कार्रवाई नहीं हुई तो सपा चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।
पुलिस को सौंपी शिकायत, कार्रवाई की मांग
सपा नेताओं ने मौलाना रशीदी के बयान को समाज में वैमनस्य फैलाने वाला बताया। उनका कहना था कि यह न सिर्फ महिला अस्मिता, बल्कि सामाजिक सौहार्द्र को भी नुकसान पहुंचाने वाला है।
इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त प्रज्ञा पाठक ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बयान की प्रकृति को देखते हुए धाराएं तय की जाएंगी।
सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे शिकायत करने
प्रदर्शन की अगुवाई पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा 'विश्वकर्मा' ने की। उनके साथ अल्पसंख्यक सभा के पदाधिकारी, पूर्व पार्षद और कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने बयान की कड़ी निंदा की।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि टीवी चैनल और सोशल मीडिया के जरिए इस तरह के भड़काऊ बयान दिए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं के प्रति सामाजिक नजरिया और अधिक विषाक्त हो रहा है।
सपा कार्यकर्ताओं ने इसे डिंपल यादव के सम्मान का नहीं, बल्कि देश की हर महिला के सम्मान का मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की भाषा अस्वीकार्य है।
पार्टी की ओर से यह भी कहा गया कि संविधान की रक्षा और महिलाओं के स्वाभिमान के लिए समाजवादी पार्टी हर मंच पर संघर्ष करती रहेगी। वक्त आ गया है कि ऐसे बयानों पर सख्ती से रोक लगे।
प्रदर्शन में शामिल नेताओं में हैदर 'गुड्डू', राजू यादव, मोहम्मद चाचा, रिजवान अंसारी, शमीम अंसारी, महफूज रहमान, ताजुद्दीन अंसारी समेत कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा महिला विंग के प्रदेश अध्यक्ष के साथ दर्जनों महिलाओं ने पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया। इसी तरह सिगरा थाने में भी शिकायती पत्र दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications