Varanasi News: काशी में पीएम मोदी के आने से पहले सख्ती, रातों-रात सपा-कांग्रेस नेता घरों में कैद,जानें मामला
Varanasi News: वाराणसी में गुरुवार का दिन राजनीति के लिहाज से बेहद गर्म रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले ही प्रशासन ने विपक्षी नेताओं पर शिकंजा कस दिया। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कई नेताओं को बुधवार देर रात से ही घरों में नजरबंद कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि विपक्ष के नेता पीएम मोदी के कार्यक्रम के दौरान वोट चोरी के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन कर सकते थे। प्रशासन ने किसी भी तरह की रुकावट और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए से बचने के लिए यह कदम उठाया। कई जिलों में नेताओं के घरों के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को लखनऊ में उनके अपार्टमेंट से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस ने उन्हें बुधवार रात ही रोक दिया। इस कार्रवाई के बाद राय ने सोशल मीडिया पर विरोध जताते हुए सरकार पर लोकतंत्र दबाने का आरोप लगाया।
गांव-गांव और गली-गली से आवाज बुलंद करेंगे कार्यकर्ता
अजय राय ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पुलिस भेजकर उन्हें घर में कैद करना कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता गांव-गांव और गली-गली से आवाज बुलंद करेगा।
उन्होंने ऐलान किया कि जब तक राहुल गांधी का रास्ता रोकने वाले मंत्री पर कार्रवाई नहीं होती तब तक विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। अजय राय ने यहां तक कह दिया कि वे अन्न-जल त्याग देंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे।
समाजवादी पार्टी के नेता भी निशाने पर
सिर्फ कांग्रेस ही नहीं बल्कि समाजवादी पार्टी के जिला और विधानसभा अध्यक्षों तक को घरों में नजरबंद कर दिया गया। पुलिस ने उन्हें घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी। प्रशासन का कहना है कि यह सब सुरक्षा के मद्देनज़र किया गया।
पुलिस द्वारा नेताओं को घरों में कैद कर दिए जाने के बाद बाद सपा और कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया का सहारा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचल रही है और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
पीएम मोदी का 52वां काशी दौरा
इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार सुबह लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। यह उनका 52वां वाराणसी दौरा है, जिसमें सुरक्षा इंतजाम पहले से कहीं ज्यादा कड़े दिखे।
वाराणसी पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे। पुलिस लाइन से होटल ताज तक जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम की मेजबानी की। दोनों नेताओं की मुलाकात होटल ताज में हुई।
होटल ताज में द्विपक्षीय वार्ता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और एयरपोर्ट से देहरादून के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। हालांकि मॉरीशस के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी में ही रहेंगे। गुरुवार सायंकाल वे गंगा आरती में भी शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications