Varanasi News: सफाई व्यवस्था पर नगर विकास मंत्री का सख्त रुख, अधिकारियों को सुबह निरीक्षण का आदेश
Varanasi News: नगर विकास मंत्री ए. के. शर्मा ने रविवार को वाराणसी सर्किट हाउस में नगर निगम और विद्युत विभाग की बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने साफ कहा कि विभागों के बीच तालमेल की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अफसरों को जनता की परेशानी को प्राथमिकता देने को कहा।
हाल में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत का मामला उठाते हुए मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग और नगर निगम साथ मिलकर काम करें। सभी खुले बॉक्स और तारों को तुरंत ढकने के निर्देश दिए गए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

बैठक में महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा भी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने बताया कि पिछले दो हफ्तों में शहर के कई इलाकों से कूड़े के ढेर हटाए गए हैं। सफाई अभियान के तहत जीबी पॉइंट्स खत्म कर सौंदर्यीकरण कराया गया है।
छह मॉडल वार्डों में डिजिटल सफाई व्यवस्था
नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के छह मॉडल वार्डों में "डोर-टू-डोर" कचरा उठाने की व्यवस्था लागू की गई है। अब कचरा पृथक्करण भी घर-घर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मियों की निगरानी के लिए 3डी डिजिटल मैप और बीट मैप एप का उपयोग शुरू हो गया है।
मंत्री शर्मा ने इन प्रयासों की सराहना की, लेकिन यह भी कहा कि सफाई सिर्फ फाइलों में नहीं दिखनी चाहिए, जमीन पर नतीजे नजर आने चाहिएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर सुबह क्षेत्र में जाएं और जनता की शिकायतें मौके पर ही सुनें।
बारिश में जलभराव से निपटने पर जोर
मंत्री ने बारिश के कारण हुए जलभराव को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जहां भी पानी जमा है, वहां तुरंत पंप लगाकर निकासी की जाए। साथ ही कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर संचारी रोगों को फैलने से रोकने के निर्देश दिए।
महापौर अशोक तिवारी ने चितईपुर और आखरी बाईपास के बीच जलभराव की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से कई जगह पानी भरा रहता है। मंत्री ने प्रमुख सचिव से बात कर जल्द समाधान का भरोसा दिया।
पेयजल और सीवर लाइन पर हुई समीक्षा
बैठक में जल निगम के कार्यों की भी समीक्षा हुई। मंत्री ने कहा कि पुराने 18 वार्डों में पेयजल और सीवर लाइन बिछाने का काम तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाकी वार्डों के प्रस्ताव तुरंत तैयार कर भेजे जाएं।
उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में अब भी पाइपलाइन अधूरी है, वहां काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में जनता को इंतजार नहीं करवाया जाना चाहिए।
बैठक के अंत में मंत्री शर्मा ने "मिशन शक्ति" के तहत 10 महिला सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ये महिलाएं शहर की असली सफाई योद्धा हैं, जो हर सुबह वाराणसी को चमकाती हैं।
बैठक में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, संयुक्त नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.के. चौधरी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications