Varanasi News: माइक्रोसॉफ्ट सुरक्षा सिस्टम में खराबी, विमानों में लगा ब्रेक, एयरपोर्ट पर परेशान दिखे यात्री
Varanasi News: माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में खराबी आ जाने के चलते हवाई सेवाएं भी प्रभावित हैं। इसका असर वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी देखने को मिल रहा है। हवाई अड्डे पर ऑनलाइन काम पूरी तरह ठप है।
वाराणसी एयरपोर्ट से संचालित होने वाली कुछ विमान सेवाओं को भी निरस्त कर दिया गया है। ऐसे में वाराणसी एयरपोर्ट से हवाई सफर करने के लिए पहुंचे यात्री काफी परेशान नजर आ रहे हैं। इस मामले को लेकर एयरलाइंस के स्टाफ भी काफी परेशान हैं।

एयरलाइन और एयरपोर्ट के अधिकारियों द्वारा परेशान यात्रियों को समझाया जा रहा है और उन्हें शांत कराया जा रहा है। एयरलाइंस के अधिकारियों का कहना है की खराबी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है और खराबी दूर होने के बाद विमान सेवाएं बहाल हो जाएंगी।
कई विमान हुए विलंबित
माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में खराबी आ जाने के चलते वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने वाले कई विमान शुक्रवार को विलंबित रहे। मुंबई से वाराणसी आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट एक घंटे देरी से वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंची।
इसी तरह दिल्ली से वाराणसी आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट भी सवा घंटे देरी से वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंची। इसके अलावा शारजाह से वाराणसी आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट 3 घंटे से भी अधिक विलंबित है। शाम की जगह फ्लाइट के रात में आने की संभावना है।
इसके अलावा कई अन्य विमान भी विलंबित है अभी तक एयरलाइंस द्वारा इसकी सूचना नहीं जारी की गई है। रात तक कई विमान विलंबित और निरस्त भी होंगे। बताया जा रहा है कि अन्य हवाई अड्डों पर भी एयरलाइंस के अधिकारी इस समस्या के चलते काफी परेशान हैं।
दो विमान अभी तक निरस्त
शुक्रवार शाम 6:30 बजे खबर लिखे जाने तक वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दिल्ली और मुंबई से आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को कैंसिल करने की घोषणा एयरलाइंस द्वारा की गई थी। इसके अलावा कई अन्य फ्लाइट को भी निरस्त किए जाने की बात सामने आई लेकिन आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications