Varanasi News: डांडिया नाइट अचानक रद्द, पवन सिंह का शो देखने पहुंचे हजारों दर्शकों ने होटल के बाहर किया हंगामा
Varanasi News: वाराणसी जनपद में सोमवार की शाम होटल डी-पेरिस में डांडिया नाइट देखने पहुंचे हजारों लोग मायूस लौटे। लोग सजधज कर पहुंचे थे, लेकिन मौके पर पहुंचकर पता चला कि कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। खबर मिलते ही भीड़ भड़क गई और हंगामा खड़ा हो गया।
इस कार्यक्रम में भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह के आने की बात कही गई थी। यही कारण था कि कार्यक्रम को देखने के लिए काफी संख्या में लोगों ने टिकट बुक कराया था। वाराणसी ही नहीं आसपास के अन्य जनपदों के लोगों ने भी टिकट बुक कराया था।

वहां पहुंचने के बाद जब उन्हें पता चला कि कार्यक्रम नहीं हो रहा है तो लोग भड़क गए। उसके बाद लोगों द्वारा टिकट के रुपए वापस करने की मांग की गई। इस मामले को लेकर दर्शकों द्वारा आयोजकों को जिम्मेदार ठहराया गया और पुलिस से मांग की गई कि उनके रुपए वापस कराये जाए।
बवाल बढ़ा तो बुलानी पड़ी पुलिस
हंगामा बढ़ता देख पुलिस को मौके पर बुलाया गया। अफसरों ने भीड़ को समझाने की कोशिश की लेकिन आक्रोशित लोग शांत नहीं हुए। पुलिस और लोगों के बीच कई बार तीखी बहस हुई। माहौल बिगड़ता देख सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया।
कुछ युवतियों ने आरोप लगाया कि आयोजक ने पवन सिंह का नाम लेकर उन्हें भरोसे में लिया। टिकट की कीमत काफी ज्यादा थी इसलिए सभी ने कार्यक्रम को लेकर तैयारी की थी। लेकिन अचानक निरस्तीकरण की सूचना दी गई जो पूरी तरह गलत है।
प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की नहीं दी गई थी अनुमति
जानकारी के मुताबिक, वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने पहले ही होटल प्रबंधन को नोटिस भेजा था। इसमें कहा गया था कि बिना अनुमति डांडिया नाइट का आयोजन कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है। भारी संख्या में भीड़ जुटने से यातायात भी प्रभावित हो जाएगा।
नोटिस में साफ चेतावनी दी गई थी कि अगर कार्यक्रम किया गया तो कार्रवाई होगी। इसी कारण आयोजकों को अंतिम समय पर कदम पीछे खींचने पड़े। हालांकि, टिकट खरीदे लोगों को इसकी भनक नहीं लग पाई और वे सीधे स्थल पर पहुंच गए।
पांच-पांच हजार रुपए तक बिके थे टिकट
कई लोगों ने बताया कि उन्होंने हजारों रुपये खर्च कर टिकट खरीदे थे। कुछ परिवारों ने पांच-पांच हजार तक के पास खरीदे। ऐसे में अचानक कैंसिलेशन किए जाने के बाद लोग काफी परेशान नजर आए। दर्शकों ने आरोप लगाया कि यदि उन्हें समय से सूचना दी गई होती तो वह यहां नहीं आते।
वहीं उन लोगों द्वारा कहा गया कि जिस दिन आयोजन होना था उसी दिन इस कार्यक्रम को जानबूझकर रद्द किया गया है। ऐसे में कार्यक्रम को देखने के लिए पहुंचे लोगों द्वारा बुकिंग के लिए जो रुपए लिए गए थे उन्हें वापस करने की मांग की गई।
अगली तारीख पर कार्यक्रम कराने का आश्वासन
इधर, होटल के बाहर रात तक काफी संख्या में भीड़ जुटी है। दर्शकों का कहना है कि वह अपने रुपए वापस लेकर जाएंगे। वहीं होटल के जीएम राकेश कुमार द्वारा बताया गया की परमिशन न मिलने के चलते कार्यक्रम को रद्द किया गया है। जल्द ही अगली तिथि जारी की जाएगी।
वहीं एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने बताया कि जांच में सामने आया कि आयोजकों ने बिना अनुमति टिकट बेचे थे। पवन सिंह का नाम प्रचार में इस्तेमाल किया गया था। इसलिए प्रशासन ने रोक लगाई। आदेश के बावजूद आयोजन किया जाता तो सख्त कार्रवाई होती।












Click it and Unblock the Notifications