Varanasi News: बाढ़ राहत शिविर में व्यवस्थाओं का डीएम ने लिया जायज़ा, कहा- शिकायतों पर तुरंत होगी कार्रवाई
Varanasi News: बाढ़ की चपेट में आए वाराणसी में हालात पर काबू पाने के लिए जिला प्रशासन ने कमान संभाल ली है। रविवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने हुकुलगंज क्षेत्र में स्थित राहत शिविर का औचक निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि किसी भी संकट की स्थिति में प्रशासन हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि कोई भी परेशानी होने पर सीधा प्रशासन से संपर्क करें, त्वरित मदद पहुंचाई जाएगी।

शिविर में मौजूद बच्चों से बातचीत कर डीएम ने उनका हालचाल जाना और राहत केंद्र में दी जा रही सुविधाओं की हकीकत को खुद परखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर ज़रूरत का ध्यान रखा जाए और किसी को भी असुविधा न हो।
छत से लिया बाढ़ क्षेत्र का जायजा
निरीक्षण के बाद डीएम एक मकान की छत पर पहुंचे, जहां से वरुणा नदी के बढ़ते पानी की दिशा और प्रभाव को देखा। उन्होंने आसपास के प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का अवलोकन कर ज़मीनी सच्चाई को समझा।
इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए। जलभराव वाले स्थानों पर फॉगिंग, एंटी लार्वा और चूने का छिड़काव शीघ्र कराया जाए ताकि संक्रमण फैलने की संभावना न रहे।
नाव से पहुंचें अधिकारी, हर व्यक्ति तक पहुंचे प्रशासन
डीएम ने एसडीएम सदर को आदेश दिया कि वे नाव से बाढ़ प्रभावित बस्तियों तक जाएं और वहां रह रहे लोगों की स्थिति को समझें। भोजन, पीने का पानी, बिजली और मोबाइल चार्जिंग जैसी जरूरतों की जानकारी मौके पर ली जाए।
उन्होंने कहा कि राहत केवल कागजों पर नहीं होनी चाहिए, बल्कि हर पीड़ित तक पहुंचनी चाहिए। अधिकारी स्वयं जाकर बातचीत करें, जिससे लोगों का विश्वास बढ़े और प्रशासनिक प्रयासों में पारदर्शिता बनी रहे।
राहत शिविरों की व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान डीएम ने मौजूद अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर विभाग को पूरी गंभीरता से अपने कर्तव्य निभाने होंगे।
निरीक्षण के समय एसडीएम सदर अमित कुमार, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। डीएम ने मौके पर ही कुछ निर्देशों को लागू करने के आदेश दिए और जिम्मेदारों से रिपोर्ट तलब की।










Click it and Unblock the Notifications