Varanasi New DM: वाराणसी पहुंचे नए डीएम सत्येंद्र कुमार, बोले- विकास योजनाओं में पारदर्शिता होगी प्राथमिकता
Varanasi New DM: वाराणसी जनपद को नए जिलाधिकारी के रुप में बिहार के मधुबनी जिले से ताल्लुक रखने वाले आईएएस सत्येंद्र कुमार ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके आगमन के साथ ही जिले में नई उम्मीदों और विकास की दिशा में रफ्तार की चर्चा तेज हो गई है।
कार्यभार संभालने से पहले सत्येंद्र कुमार ने आध्यात्मिक परंपरा का पालन करते हुए बाबा काल भैरव, काशी विश्वनाथ और संकट मोचन मंदिर पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया। मंदिरों में दर्शन के बाद उन्होंने कोषागार कार्यालय में औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला।

सत्येंद्र कुमार 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इससे पहले वे कई जिलों में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वाराणसी में तैनाती से पहले वे बरेली में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
प्राथमिकता में जनता की योजनाओं तक सीधी पहुंच
वाराणसी के डीएम पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद सत्येंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ योग्य और ज़रूरतमंद लोगों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक प्राथमिकताओं में शामिल होगा।
उन्होंने कहा कि वह यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना से वंचित न रहना पड़े और हर शिकायत का त्वरित समाधान हो।
शिक्षा क्षेत्र में भी रही है खास भूमिका
बरेली में मुख्य विकास अधिकारी रहते हुए सत्येंद्र कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने स्वयं प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ाना शुरू किया था और 'स्कूल वॉलंटियर अभियान' के जरिए समाज के शिक्षित लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया।
इस पहल के चलते कई युवाओं और शिक्षित नागरिकों ने बच्चों को नि:शुल्क पढ़ाने की शुरुआत की, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में काफी सुधार देखने को मिला।
विकास कार्यों की निगरानी और समयबद्धता होगी प्राथमिकता
सत्येंद्र कुमार ने कहा कि वाराणसी में चल रहे सभी विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की बात कही, ताकि विकास का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंच सके।
वाराणसी के कोषागार कार्यालय में कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सीडीओ हिमांशु नागपाल, एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा, एडीएम प्रशासन विपिन कुमार, एडीएम एफआर वंदिता श्रीवास्तव, एडीएम प्रोटोकॉल चंद्र प्रकाश, और सीटीओ गोविंद सिंह जैसे अधिकारी मौके पर मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications