वाराणसी में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा ने छोड़ी पार्टी, बीजेपी में हुए शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। वाराणसी के पूर्व सांसद और कांग्रेस के नेता डॉ. राजेश मिश्रा ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा के सदस्यता ग्रहण की है। राजेश मिश्रा के बीजेपी में शामिल होने के बाद बनारस का सियासी माहौल गर्म हो गया है।
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन होने के बाद से ही डॉक्टर राजेश मिश्रा नाराज चल रहे थे। गठबंधन के बाद ही उन्होंने बागी रुख अख्तियार करते हुए गठबंधन के खिलाफ एक चैनल को इंटरव्यू भी दिया था।

उसके बाद से ही यह चर्चा चल रही थी कि पूर्व सांसद डॉक्टर राजेश मिश्रा कांग्रेस पार्टी से नाराज चल रहे हैं। हालांकि वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले हैं इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को अचानक डॉक्टर राजेश मिश्रा दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पहुंचे। वहां पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि मेरी कोशिश रहेगी कि इस बार वाराणसी लोकसभा सीट पर विपक्ष का जो भी प्रत्याशी हो उसको पोलिंग एजेंट भी ना मिले।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि यह वाराणसी के लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के सांसद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का नाम रोशन किया है। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन पूरी तरह खत्म हो चुका है। कांग्रेस में बूथ स्तर के कार्यकर्ता नहीं बचे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के आगे सरेंडर कर दिया है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन में कांग्रेस को जो सीटें मिली हैं वहां पार्टी के पास उम्मीदवार ही नहीं हैं।
इसके अलावा उन्होंने राहुल गांधी द्वारा निकल जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि न्याय यात्रा में जातियों को लेकर संबोधित करना गलत है। राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा नहीं बल्कि भारत तोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications