Varanasi : अग्निवीर सेना भर्ती के नाम पर लाखों की ठगी, UP STF ने नेपाली गिरोह का किया भंडाफोड़
यूपी एसटीएफ की टीम ने अग्निवीर सेना भर्ती रैली में असफल हुए अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गैंग का खुलासा कर गैंग सरगना को गिरफ्तार किया है। जानकारी अनुसार उक्त अभियुक्त नेपाल का निवासी है .

उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आज दोपहर यूपी एसटीएफ की टीम ने अग्निवीर सेना भर्ती रैली में असफल हुए अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गैंग का खुलासा कर गैंग सरगना को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आर्मी इंटेलिजेंस की सूचना पर UP STF पिछले कुछ दिनों से इस गैंग की तलाश में थी। जानकारी अनुसार उक्त अभियुक्त नेपाल का निवासी है और विगत 6 माह से वाराणसी कैण्ट के नमस्ते रेस्टोरेण्ट में खाना बनाने का काम कर रहा था।

अग्निवीर सेना भर्ती के नाम पर लाखों की ठगी
दरअसल, उक्त अभियुक्त वेल नारायण मानेन्धर पुत्र विष्णु नारायण मानेन्धर क्याक्मी थाना बैदाम, जिला स्याजयस, नेपाल का रहने वाला है। पिछले लगभग 6 महीने से आरोपी नमस्ते रेस्टोरेण्ट कैण्ट में खाना बनाने का काम कर रहा था। वहीं पर नेपाल के रहने वाले दिवस विश्वकर्मा जो 39 जीटीसी में डी कम्पनी में सिपाही के पद पर कार्यरत है, से इसकी मुलाकात हुई। उसी ने वेल नारायण को बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली होने वाली है, यदि कोई अभ्यर्थी हो तो बताना। इस पर अभियुक्त ने मिर्जापुर के रहने वाले आयुष सिंह से सम्पर्क स्थापित किया। जिसके बाद आयुष द्वारा चन्दौली के रहने वाले अपने तीन अन्य साथी सचिन, विरेन्द्र और मनीष को भी दिवस विश्वकर्मा से मिलवाया। दिवस विश्वकर्मा ने इन चारों से अपने एकाउण्ट में कुछ पैसे भिजवाए और शेष कैश के रूप में ले लिया। फिर आज इन ठगों द्वारा चारों अभ्यर्थियों का मेडिकल कराने के लिए शहीद पार्क में बुलाया था। पर यहाँ पर घात लगाए बैठी यपि एसटीएफ ने इस नेपाली ठग को धर दबोचा।

‘मिलिट्री इन्टेलीजेन्स' से मिली थी सूचना
पुलिस ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश के वाराणसी़ एवं इसके आस-पास के जनपदों से अग्निवीर सेना में भर्ती कराने के नाम पर कुछ जालसाजों द्वारा बेरोजगार युवकों को ठगने की सूचना 'मिलिट्री इन्टेलीजेन्स' (एम0आई0) वाराणसी से प्राप्त हुई थी। इस पर एसटीएफ की वाराणसी इकाई को इस मामले की जांच पड़ताल और कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में निरीक्षक श्री अनिल कुमार सिंह, एसटीएफ फील्ड इकाई, वाराणसी के नेतृत्व में टीम गठित करते हुये छानबीन की जा रही थी। जिसके चलते आज यानी 20 दिसम्बर को एस0टी0एफ0 को अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गैंग का खुलासा कर गैंग सरगना को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है।

झाँसा देकर 3-3 लाख रूपये ठगने का आरोप
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किये गए नेपाली ठग वेल नारायण मानेन्धर के पास से एक मोबाइल फ़ोन, आधार कार्ड, नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र समेत 17 हजार की नेपाली करेन्सी बरामद हुई है। नेपाली ठग को वाराणसी के थाना कैण्ट स्थित शहीद पार्क से करीब 11 बजे गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि इन जालसाजों द्वारा असफल हुए अभ्यर्थियों को पास कराने का झाँसा देकर 3-3 लाख रूपये ठगने का आरोप है। साथ ही उपरोक्त गिरफ्तार अभियुक्त के अलावा गिरोह में संलिप्त अन्य सदस्यों के सम्बन्ध में जांच की जा रही है। आगे की छानबीन के अनुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications