UP ATS News: 15 साल से फर्जी दस्तावेज़ पर सारनाथ में रह रहा था बांग्लादेशी युवक, यूपी ATS ने किया गिरफ्तार
UP ATS News: वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र से मंगलवार की रात एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पिछले 15 सालों से रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को यूपी ATS ने दबोच लिया। वह नकली आधार, पैन और पासपोर्ट जैसे दस्तावेजों के जरिए खुद को भारतीय नागरिक बता रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बांग्लादेश के बंदरवन जिले के नायककपारा, रूमा निवासी होल मोंग सिंग मार्मा के रूप में हुई है। वह सारनाथ चौक स्थित एक मकान में किराए पर रह रहा था और खुद को मोंग फ्रू मोग नाम से पेश कर रहा था।

ATS को लंबे समय से इस व्यक्ति की गतिविधियों पर शक था। जब पुख्ता जानकारी मिली, तो वाराणसी इकाई ने पुलिस के साथ मिलकर मंगलवार रात उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।
मिजोरम के रास्ते भारत में घुसा
पूछताछ में मोंग फ्रू मोग ने बताया कि वह वर्ष 2010 में अवैध रूप से मिजोरम के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था। यहां एक गिरोह की मदद से उसने भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसी पहचानें तैयार करवा लीं।
इन फर्जी पहचान पत्रों के सहारे वह असम और बिहार होते हुए वाराणसी पहुंचा। सारनाथ आने के बाद उसने बौद्ध मंदिर में हेल्पर की नौकरी शुरू की और उसी पते पर अपना आधार कार्ड भी बनवा लिया।
15 साल तक किसी को नहीं हुआ शक
मोंग फ्रू मोग नाम से पहचान बना चुका यह युवक धीरे-धीरे स्थानीय समाज में घुल-मिल गया। वह बुद्धिस्ट टेंपल में नौकरी करने के बाद सारनाथ म्यूजियम के पास एक हैंडीक्राफ्ट शॉप में 15,000 रुपये मासिक वेतन पर काम करने लगा।
फर्जी दस्तावेजों के चलते कोई भी उसकी असली पहचान तक नहीं पहुंच पाया। यही वजह रही कि इतने वर्षों तक वह बिना किसी संदेह के यहां रह रहा था।
म्यांमार की युवती से की शादी
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वर्ष 2019 में म्यांमार से आए एक पर्यटक दल में उसे एक युवती से प्यार हो गया। कुछ समय बाद वह म्यांमार गया और उसी साल दोनों की शादी भी हो गई। अब उसकी शादी की वैधता और पत्नी की पहचान की भी जांच की जा रही है।
ATS और पुलिस यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं इस युवक के आतंकी या किसी अवैध नेटवर्क से तो संबंध नहीं हैं। वाराणसी ATS इकाई ने आरोपी के खिलाफ सारनाथ थाने में केस दर्ज कराया है। सारनाथ के एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि युवक के पास से कई फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं। उससे पूछताछ की जा रही है और बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications