अंजान युवती को Facebook Friend बनाना पड़ गया महंगा, आप भी न करें ऐसी गलती
वाराणसी जिले के शिवपुर थानांतर्गत छतरीपुर निवासी एक युवक को अनजान युवती से फेसबुक पर दोस्ती करना महंगा पड़ गया, Facebook Friend बनने के बाद युवती उसे ब्लैकमेल करने लगी। अक्सर लोग ऐसी गलतियां कर देते हैं।
Facebook चलाने वाले लोगों द्वारा छोटी-छोटी बातों का ध्यान नहीं दिया जाता है और यही बातें उनके लिए मुसीबत बन जाती हैं। ऐसा ही एक मामला वाराणसी जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के आया है। शिवपुर निवासी एक युवक को एक अनजान युवती को Facebook Friend बनाना महंगा पड़ गया। चैटिंग के दौरान मीठी मीठी बातों में फंसा कर वह युवती युवक को ब्लैकमेल करने लगी। परेशान युवक द्वारा पुलिस से शिकायत किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

मैसेंजर पर करती थी चैटिंग
शिवपुर थाना क्षेत्र के छतरीपुर इलाके में रहने वाली भुक्तभोगी ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि कुछ दिन पूर्व उसे रूही नाम की एक लड़की ने फेसबुक पर फ्रेंडशिप के लिए रिक्वेस्ट भेजा था। फेसबुक पर नोटिफिकेशन आने के बाद भुक्तभोगी ने उसकी मित्रता स्वीकार कर ली। मित्रता स्वीकार किए जाने के बाद रूही द्वारा भुक्तभोगी को लगातार मैसेज किया जाने लगा। इस दौरान मैसेंजर पर दोनों चैटिंग करते थे। धीरे-धीरे युवती द्वारा युवक को अपने जाल में फंसाया गया। युवक ने आरोप लगाया कि उसके बाद उसके फोटो और वीडियो को एडिट करके अश्लील बना दिया गया। एडिटेड वीडियो और फोटो भेज कर युवती द्वारा उसे ब्लैकमेल करने का प्रयास किया जाने लगा।
रिश्तेदारों और परिचितों को भेज रही वीडियो
युवक द्वारा यह भी बताया गया कि एडिटेड फोटो और वीडियो भेजने के बाद युवती द्वारा रुपए की डिमांड की गई। और रुपए ना देने पर उस युवती द्वारा भुक्तभोगी के कांटेक्ट लिस्ट में जितने लोगों के नंबर सेव करके रखे गए हैं उनके नंबर पर बारी-बारी से वही एडिटेड फोटो और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। घटना से युवक काफी परेशान हो गया और कोई रास्ता दिखाई ना देने के बाद वह पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस का कहना है कि यह किसी साइबर जालसाज की करतूत है और इस मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

व्हाट्सएप वीडियो कॉल करके भी हो रही ठगी
वीडियो कॉल करके ऑनलाइन सेक्स करने का ऑफर देते हुए लगातार लोगों से ठगी की जा रही है। ऐसे में व्हाट्सएप पर लड़कियों की डीपी लगाए हुए महिला द्वारा व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल किया जाता है। कॉल करने वाली महिला द्वारा रंगीन बातें करते हुए ऑनलाइन सेक्स करने के लिए कहा जाता है। सामने वाला व्यक्ति धीरे-धीरे उनकी बातों में फंस कर वीडियो कॉल पर उनके सामने कपड़े उतार देता है। पूरे मामले को कॉल करने वाले रिकॉर्ड कर लिया जाता है। उसके बाद कॉल काट कर वीडियो व्हाट्सएप पर भेजा जाता है और रुपयों की मांग की जाती है। वाराणसी जिले के शिवपुर में एक रिटायर्ड अधिकारी को इसी तरह ठगों द्वारा निशाना बनाया गया और छह लाख से अधिक रुपए ले लिए गए। थक हार कर उस अधिकारी द्वारा पुलिस से शिकायत की गई। अभी भी इस मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
ठगी का शिकार होने के बाद तत्काल करें शिकायत
तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन ठगी के मामलों को पुलिस द्वारा गंभीरता से लिया जा रहा है। देश के किसी कोने में रहने वाले व्यक्ति के साथ यदि किसी प्रकार से आनलाईन ठगी हो जाती है तो वे तत्काल 1930 डायल कर इसकी शिकायत कर सकते हैं। तुरंत शिकायत करने पर रुपए रिफंड भी कराए जा सकते हैं। इसके अलावा वाराणसी में रहने वाले लोग वाराणसी कमिश्नरेट के साइबर सेल के नंबर 7839856954 पर भी फोन कर तत्काल शिकायत कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications