वाराणसी से खजुराहो के लिए अगले महीने दो नई विमान सेवाएं, पर्यटकों को मिलेगी सुविधा, जानें Flight Schedule
Varanasi To Khajuraho Flight: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से खजुराहो हवाई अड्डे के बीच अक्टूबर माह में सीधी विमान सेवा प्रारंभ होने जा रही है। एयरलाइंस द्वारा फ्लाइट शेड्यूल जारी कर दिया गया है और इसकी बुकिंग भी ऑनलाइन माध्यम से प्रारंभ हो चुकी है।
एविएशन सेक्टर से जुड़े लोगों का कहना है कि विंटर सीजन में काफी संख्या में हवाई रूट पर पर्यटकों का आवागमन होता है। ऐसे में विमानन कंपनियों द्वारा इस हवाई रूट पर विमान सेवा प्रारंभ किए जाने की घोषणा की गई है। विमान सेवा प्रारंभ हो जाने से वाराणसी से खजुराहो के बीच यात्रा करने वाले पर्यटकों को काफी आसानी होगी।

इसके अलावा काफी समय से इस हवाई रूट पर बंद पड़ी हवाई सेवा प्रारंभ होने की सूचना मिलने के बाद पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को भी इससे काफी उम्मीद है। अभी तक इस रूट पर सीधी विमान सेवा ना होने के चलते पर्यटकों को दिल्ली या मुंबई होकर जाना पड़ता था। ऐसे में समय और पैसा अधिक खर्च होता था।
इंडिगो और स्पाइसजेट एयरलाइंस द्वारा शुरू की जा रही फ्लाइट
दरअसल, इस हवाई रोड पर इंडिगो एयरलाइंस द्वारा अगले माह 10 अक्टूबर से ही सीधी विमान सेवा प्रारंभ की जाएगी। एयरलाइंस द्वारा जारी शेड्यूल में बताया गया कि इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट दोपहर 1:15 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरेगी, जो दोपहर 2:25 बजे खजुराहो एयरपोर्ट पर लैंड करेगी।
डोमेस्टिक फ्लाइट में आधे घंटे का स्टे होता है ऐसे में आधे घंटे तक खजुराहो एयरपोर्ट पर रुकने के बाद यही फ्लाइट करीब 3 खजुराहो से वाराणसी एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेगी जो सायं 4:15 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड करेगी।
इसी तरह स्पाइसजेट एयरलाइंस द्वारा 29 अक्टूबर से वाराणसी खजुराहो के बीच सीधी विमान सेवा प्रारंभ की जा रही है। जारी शेड्यूल के अनुसार स्पाइसजेट एयरलाइंस की फ्लाइट 3:40 बजे खजुराहो एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद 4:40 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। वाराणसी से यही फ्लाइट सायं 5 बजे उड़ान भरेगी और सायं काल 6 बजे खजुराहो एयरपोर्ट पर लैंड करेगी।
इस बारे में पर्यटन कारोबार से जुड़े जयचंद मोदनवाल का कहना है कि काफी समय से इस हवाई रूट पर सीधी विमान सेवा ना होने के चलते यात्रियों को परेशान होना पड़ता था। हालांकि अब सीधी विमान सेवा प्रारंभ हो जाने से पर्यटकों और यात्रियों को आने जाने में काफी आसानी होगी।












Click it and Unblock the Notifications