Varanasi News: ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों का कुचला, दोनों की घटनास्थल पर हुई दर्दनाक मौत
वाराणसी जिले के चौबेपुर में मंगलवार को एक तेज रफ्तार की ट्रक ने दो युवकों को कुचल दिया जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने कुछ देर तक हाईवे पर जाम लगा दिया था।

Varanasi जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को सायं में एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। इस दुर्घटना में दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों के रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दिया। बाद में घटनास्थल पर पहुंची पुलिस परिजनों को किसी तरह शांत कराई और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी हुई है।

ननिहाल में शादी समारोह में जा रहे थे युवक
जानकारी अनुसार वाराणसी जिले के लंका थाना क्षेत्र के सिरगोवर्धनपुर गांव रहने वाले 20 वर्षीय रितेश यादव और 22 वर्षीय अनुराग यादव मंगलवार को सायं में चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौड़ीडीह स्थित अपने ननिहाल में शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर थे और वाराणसी गाजीपुर मार्ग पर डुबकियां के समीप पहुंचे थे उसी समय तेज रफ्तार के ट्रक ने उन को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक चालक उनके ऊपर ट्रक चढ़ाते हुए आगे बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक से कुचले जाने के बाद घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना के दौरान वहां पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने ट्रक को रोक लिया।
परिजनों ने ट्रक में की तोड़फोड़
स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। उनके पास से मिली पहचान पत्र के आधार पर मृतकों की शिनाख्त की गई। मृत दोनों युवकों का ननिहाल नजदीक होने के चलते मौत की सूचना ननिहाल तक पहुंच गई। मौत की सूचना मिलने के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई और ननिहाल के लोग भागे दौड़े घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद लोगों ने वाराणसी गाजीपुर हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक पर भी पत्थर चला दिया। हालांकि घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा किसी तरह भीड़ को काबू में किया गया। दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बारे में चौबेपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हुई है। दोनों के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। परिजनों द्वारा सड़क पर कुछ देर तक जाम लगाया गया था हालांकि अब स्थिति सामान्य है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications