वाराणसी में गंगा जल स्तर में वृद्धि होने से टूटे कई घाटों के संपर्क, आरती स्थल भी बदला
वाराणसी में प्रति घंटे 2 सेंटीमीटर बढ़ रहा गंगा जलस्तर, आरती स्थल बदला गया और कई घाटों का संपर्क टूटा
वाराणसी, 27 जुलाई : पहाड़ी इलाकों में बारिश होने के चलते वाराणसी और गाजीपुर जिले में गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। आलम यह है कि वाराणसी में गंगा किनारे स्थित कई घाटों का संपर्क एक दूसरे से टूट गया है और खतरे को देखते हुए गंगा किनारे होने वाले आरती का स्थान भी बदल दिया गया है। इसके अलावा शवदाह स्थल को भी बदलना पड़ा। सुरक्षा की दृष्टि से घाट किनारे जल पुलिस और एनडीआरएफ की तैनाती की गई है।

जलस्तर 63.20 मीटर हुआ दर्ज
केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार रात 8 बजे गंगा नदी का जलस्तर 63.20 मीटर दर्ज किया गया है। जबकि गंगा के जलस्तर में प्रति घंटे 2 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी देखी जा रही है। यही स्थिति रहा तो आगामी कुछ दिनों में आरती स्थल को और ऊपर किया जाएगा। मंगलवार को गंगा सेवा निधि द्वारा फैसला लिया गया कि गंगा का जलस्तर बढ़ने के चलते आरती देखने के लिए और आरती में शामिल होने के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को समस्या ना होने पाए ऐसे में आरती स्थल को बदल दिया गया। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि इस सीजन में पहली बार गंगा आरती स्थल में बदलाव किया गया है, गंगा के जलस्तर में इसी तरह वृद्धि होती रही तो गंगा आरती स्थल भी धीरे-धीरे ऊपर किया जाता रहेगा।

70.262 मीटर है चेतावनी बिंदु
वाराणसी में गंगा जल स्तर के लिए 70.262 मीटर पर चेतावनी बिंदु और 71.262 मीटर पर खतरा बिंदु स्थित है। वाराणसी समेत पूर्वांचल है आगामी दिनों में अच्छी बरसात होने की संभावना है। ऐसे में गंगा के जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है। मंगलवार की रात्रि 8 बजे गंगा का जलस्तर 63.20 मीटर दर्ज किया गया जिससे गंगा किनारे रहने वाले लोगों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। गंगा किनारे कई प्रमुख घाटों का संपर्क टूट गया है। वहीं बाबा विश्वनाथ धाम में जाने के लिए बनाए गए गंगाद्वार से पैदल जाने वाले यात्रियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। यात्री नाव के माध्यम से वहां पहुंच कर गंगाद्वार से दर्शन करने जा सकते हैं।

जल पुलिस और एनडीआरएफ द्वारा की जा रही पेट्रोलिंग
गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर और सावन माह में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए जल पुलिस और एनडीआरएफ द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। मंगलवार रात्रि 11 बजे नैनी, प्रयागराज से वाराणसी पहुंचा अजय भाटिया नामक श्रद्धालु गंगा नदी में दशाश्वमेध घाट पर स्नान के दौरान डूबने लगा। शोर सुनकर वहां पर मौजूद एनडीआरएफ के जवान नदी में छलांग लगा दिए और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिए।












Click it and Unblock the Notifications