Varanasi: एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध मौत, फैली सनसनी
उत्तर प्रदेश के Varanasi में गुरुवार सुबह एक कमरे में एक ही परिवार के 3 सदस्यों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।

Varanasi जिले के दशाश्वमेध थाना अंतर्गत एक मकान में गुरुवार सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि तीनों लोग विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या किया है।
फिलहाल घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। फॉरेंसिक टीम द्वारा भी साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। घटनास्थल पर काफी संख्या में लोगों की भी जुटी है।
जानकारी अनुसार मूल रूप से गाजीपुर जनपद के रहने वाले जनार्दन तिवारी वाराणसी जिले के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के बंगाली टोला मोहल्ले में एक किराए का कमरा लेकर अपने दो बेटों के साथ रहते थे।
पड़ोसियों द्वारा बताया गया कि जनार्दन तिवारी अपने बेटों के साथ चाय बेचते थे। चाय बेचकर ही परिवार का पालन पोषण चलता था। यह भी कहा गया कि उनके बेटे से उनका आए दिन विवाद हो रहा था।
अभी हाल ही में कुछ दिन पूर्व उनका भांजा दीपू भी उनके पास आया था और वह भी जनार्दन तिवारी के काम में हाथ बंटाता था। गुरुवार को सुबह में जनार्दन तिवारी के कमरे का दरवाजा देर तक नहीं खुला।
उसके बाद पड़ोस के लोग दरवाजा खटखटाया तो कमरे के अंदर से कोई हलचल नहीं सुनाई दी। ऐसे में पड़ोसियों ने अनहोनी की आशंका को भांपते हुए रोशनदान से झांक कर देखा तो तीनों अचेत अवस्था में दिखाई दिए।
उसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा गया। अंदर कमरे में प्रवेश करने पर देखा गया कि तीनों के मुंह से झाग निकला था।
समीप में ही खाने की थाली पड़ी हुई थी और वहीं पर विषाक्त पदार्थ के कुछ कण भी पाए गए। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि तीनों लोगों ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर लिया है।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है, फॉरेंसिक टीम द्वारा भी साक्ष्य संकलित किए गए हैं। तीनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।












Click it and Unblock the Notifications