शालिनी का पर्चा वैध, तेज बहादुर को नोटिस, वाराणसी से कौन होगा सपा का उम्मीदवार?
Varanasi news, वाराणसी। सपा के टिकट पर वाराणसी में पीएम मोदी के खिलाफ कौन चुनाव लड़ेगा, इसपर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। तेज बहादुर यादव के 24 अप्रैल और 29 अप्रैल को दिए गए शपथ पत्र में डिफरेंस होने के बाद उन्हें नोटिस थमा दिया गया है। वहीं, शालिनी यादव का पर्चा वैध होने के बाद उनके चेहरे पर आई मायूसी अब खत्म हो चुकी है। शालिनी का कहना है कि वो सपा की अधिकृत प्रत्याशी हैं, जो इस चुनाव में समाजवादी पार्टी का परचम लहराऐंगी।

तेज बहादुर का शाह-योगी पर आरोप
बीएसएफ के बर्खास्त जवान तेज बहादुर यादव ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मिले नोटिस के बाद कहा कि सपा से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद बीजेपी महकमे में भूचाल आ गया। कल रात ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीएचयू में अधिकारियों को बुलाकर मेरा नामांकन रद्द करने का आदेश दिया है, जिस पर यहां का प्रशासन काम कर रहा है।

तेज बहादुर ने कहा- पीएम डरे हुए हैं
तेज बहादुर ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुझे नामांकन के वक्त नहीं बताया गया कि सरकारी नौकरी करने के बाद चुनाव लड़ने के लिए चुनाव आयोग से अनुमति लेने की आवश्यता होती है और आज मुझे अचानक नोटिस थमाकर बुधवार की सुबह 11 बजे तक नोटिस पर EC से परमिशन लेकर आने को कहा जाता है, जिससे ये साफ है कि पीएम मोदी डरे हुए हैं। तेज बहादुर ने कहा कि यदि उन्हें चुनाव नहीं लड़ने दिया गया तो वो शालिनी यादव का समर्थन करेंगे

शालिनी ने खुद को बताया सपा का उम्मीदवार
इस उठापटक के बीच सपा के लिए घोषित हुईं शालिनी यादव का नामांकन स्वीकार कर लिया गया है। इस नामांकन फॉर्म की जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामांकन स्थल पर पहुंची शालिनी यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति पर उन्होंने सोमवार को अपना पर्चा दाखिल किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। वहीं, तेज बहादुर के मामले में कोई भी प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications