वाराणसी एयरपोर्ट से पांच किमी दायरे में एक माह तक धारा 144 लागू
वाराणसी एयरपोर्ट से पांच किमी दायरे में धारा 144 लागू, गलती करने पर होगी कार्रवाई
वाराणसी, 21 जुलाई : वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एसडीएम पिंडरा द्वारा एयरपोर्ट के 5 किलोमीटर दायरे में आगामी एक माह तक धारा 144 लागू कर दी गई है। एयरपोर्ट से सटे करीब 25 गांव इसके दायरे में आएंगे। वहीं हाईवे के समीप खड़ी की जाने वाली ट्रकों पर भी पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है और एयरपोर्ट बाउंड्री के समीप फोटोग्राफी किया जाना भी एक माह तक प्रतिबंधित रहेगा। जारी सूचना में बताया गया है कि इस दायरे में मीट मछली की दुकानें भी संचालित नहीं की जाएंगी। अधिकारियों ने कहा की धारा 144 का उल्लंघन करते हुए यदि कोई दुकानदार मीट और मछली की दुकान संचालित करते पाया जाएगा तो उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि एयरपोर्ट के पांच किलोमीटर के दायरे में कई गांव में मीट मछली की दुकानें हैं। इन दुकानों पर बचे हुए जैव अवशेष को खुले में फेंक दिया जाता है, जिससे चील कौवे आसमान में मंडराते रहते हैं। ऐसे में बर्ड हीटिंग का खतरा बना रहता है। बैठक में निर्णय लिए जाने के बाद एसडीएम पिंडरा द्वारा मंगारी, बाबतपुर, बसनी, सिंसवां सहित पांच किमी के दायरे में जिन गांवों में मीट मछली की दुकानें खोली जाती हैं वहां अब दुकानें नहीं खोली जाएंगी।
खुले में कूड़ा फेंकने पर भी होगी कार्यवाही
अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट से पांच किलोमीटर के दायरे में जैव अपशिष्ट और कूड़े को खुले में फेंकने पर प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई भी व्यक्ति खुले में जैव अपशिष्ट या कूड़ा फेंकते पाया जाता है तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं एयरपोर्ट के चारदीवारी के किनारे वाहन खड़े किए जाने पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पेट्रोलिंग करते समय यदि वहां पर कोई भी वाहन खड़ा पाया जाता है तो वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दो दर्जन से अधिक गांव आएंगे दायरे में
धारा 144 जारी हो जाने के बाद से एयरपोर्ट के आसपास के गांवों में रहने वाले लोग परेशान नजर आ रहे हैं। जारी सूचना में एयरपोर्ट से सटे दो दर्जन से अधिक गांवों को शामिल किया गया है। जिसमें बाबतपुर, सिसवां, घमहापुर, सगुनहा, कर्मी, बैकुंठपुर, सुजानीपुर, दयालीपुर, सरायतक्की, मंगारी, गंगापुर, नेवादा, रमईपट्टी, जगदीशपुर, पुरा रघुनाथपुर, कैथौली, दुदिलपुर, चिऊरापुर, जमालपुर, बसनी, रामपुर, कविरामपुर, दल्लीपुर, घमहापुर, रूद्रपुर, अल्लापुर आदि गावों को शामिल किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications