Sawan 2023: घर बैठे स्पीड पोस्ट से प्राप्त करें श्री काशी विश्वनाथ का प्रसाद, खर्च करने होंगे मात्र 251 रुपए
UP News Sawan 2023: अब आप घर बैठे भी श्री काशी विश्वनाथ का प्रसाद प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए इंडिया पोस्ट की ओर से एक नई सुविधा शुरू की गई है, जिसके तहत भक्त बाबा विश्वनाथ का प्रसाद ऑर्डर कर सकते हैं।
Sawan 2023: सावन महीने में बाबा विश्वनाथ का दर्शन न कर पाने वाले शिवभक्त अब घर बैठे ही बाबा का प्रसाद प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए भारतीय डाक विभाग द्वारा नई सेवा शुरू की गई है। जिसके तहत मात्र 251 रुपए के मनीआर्डर के माध्यम से भक्त अपने घर से ही जात का ऑर्डर कर सकते हैं।
भारतीय डाक विभाग के वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्ट मास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि डाक विभाग और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के बीच एक समझौते के तहत देश के किसी भी कोने में रहने वाले श्रद्धालु श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद आप डाक के जरिए भी ऑर्डर कर सकते हैं।

इसके तहत अपने नजदीकी डाकघर से मात्र 251 रुपये का इलेक्ट्रॉनिक मनीऑर्डर प्रवर अधीक्षक डाकघर, वाराणसी (पूर्वी) मंडल-221001 के नाम भेजना होगा। ई-मनीऑर्डर प्राप्त होते ही प्रसाद तुरंत स्पीड पोस्ट द्वारा डाक विभाग द्वारा दिए गए पते पर भेज दिया जाएगा।
Recommended Video
उन्होंने यह भी बताया कि डिब्बा बंद प्रसाद एक टैंपर प्रूफ लिफाफे में होगा, जिस पर वाराणसी घाट पर जारी डाक टिकट की प्रतिकृति भी अंकित होगी। इससे किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जा सकती है। इसके अलावा इसे वाराणसी सिटी पोस्ट ऑफिस के काउंटर से भी मात्र 201 रुपए में प्राप्त किया जा सकता है।
श्री काशी विश्वनाथ प्रसाद में ये चीजें रहेंगी: पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि प्रसाद में श्री काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग की छवि, महामृत्युंजय यंत्र, श्री शिव चालीसा, 108 दाने वाली रुद्राक्ष की माला, बेलपत्र, माता अन्नपूर्णा से भिक्षा मांगते भोले बाबा की छवि अंकित सिक्का, भभूति, रक्षा सूत्र, रुद्राक्ष मोती, सूखे मेवे, मिश्री का पैकेट आदि शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पैकेट में दिया जाने वाला प्रसाद सूखा रहेगा और सूखा होने के कारण यह प्रसाद लम्बे समय तक उपयोग में बना रहता है तथा प्रसाद के खराब होने की संभावना न के बराबर रहती है। मनी ऑर्डर के बाद स्पीड पोस्ट माध्यम से जब प्रसाद भेजा जाएगा तो श्रद्धालुओं के मोबाइल पर स्पीड पोस्ट का विवरण एसएमएस कर दिया जाएगा। ऐसे में प्रसाद कहां तक पहुंचा है और कब तक श्रद्धालु के पास तक पहुंच सकता है इसके बारे में भी ऑनलाइन जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।












Click it and Unblock the Notifications