देश और दुनिया में हो रही Kashi के विकास की चर्चा, यहां जो भी आ रहा, वो ऊर्जा लेकर जा रहा: PM Modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को करोड़ों की सौगात दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि काशी के विकास की चर्चा देश और दुनिया में हो रही है।

PM Modi अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान शुक्रवार को देश के पहले सार्वजनिक परिवहन रोपवे सहित सार्वजनिक सुविधाओं को बढ़ाने के लिए काशीवासियों को 1,780 करोड़ रुपये की 28 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करने से पहले देश के पहले पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोप-वे का शिलान्यास किया, साथ ही 1780 करोड़ रुपये की 28 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।

नए साधनों ने काशी की यात्रा को बनाया आसान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना संबोधन प्रारंभ करते ही कहा कि आप सब लोगन के हमार प्रणाम बा... जिसपर जनता ने जमकर तालियां बजाई। प्रधानमंत्री ने नवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि मां चित्रघंटा के आशीर्वाद से बनारस की सुख-समृद्धि में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज काशी के विकास की चर्चा पूरे देश और दुनिया में हो रही है। जो काशी आ रहा है, वह यहां से ऊर्जा लेकर जा रहा है। 8-9 साल के विकास कार्यों के बाद जिस गति से बनारस का विकास हो रहा है, अब उसे नई गति देने का समय आ गया है। सड़क हो, पुल हो, रेल हो, एयरपोर्ट हो, कनेक्टिविटी के सभी नए साधनों ने काशी की यात्रा को बहुत आसान बना दिया है।
अब यहां बन रहे रोप-वे से जहां काशी में सुविधाएं बढ़ेंगी वहीं आकर्षण भी बढ़ेगा। बनारस एयरपोर्ट पर आज नए एटीसी टावर का उद्घाटन किया गया है। इससे हवाई संपर्क बढ़ेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत काशी में जो काम हो रहा है, उससे सुविधाएं भी बढ़ेंगी और परिवहन के साधन भी बेहतर होंगे। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की छोटी-छोटी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए काशी में फ्लोटिंग जेटी का निर्माण किया जा रहा है।

केंद्र और राज्य में गरीबों की सेवा करने वाली सरकार
गंगा के दोनों किनारों पर पांच किलोमीटर के दायरे में प्राकृतिक खेती होगी। बजट में इसके लिए प्रावधान भी किया गया है। करखियांव में पैकेजिंग सेंटर के माध्यम से बनारस, गाजीपुर, जौनपुर सहित छोटे शहरों के उत्पादों को लंदन और दुबई जैसे देशों में ले जाएगा। किसानों के पास एक्सपोर्ट से पैसा आएगा। आज केंद्र और राज्य में सरकार गरीबों की सेवा करने वाली सरकार है। आप भले ही इसे सरकार कहें लेकिन मोदी खुद को सेवक मानता है। इसी भाव के साथ मैं देश की, उत्तर प्रदेश की और काशी की सेवा कर रहा हूं।
आज बनारस के हजारों लोगों को सरकार की सेवाओं का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने लोगों को याद दिलाते हुए कहा कि उन दिनों को याद कीजिए जब बैंकों में खाता खुलवाने में पसीने छूट जाते थे। आज गरीब से गरीब व्यक्ति के पास भी जनधन खाता है। उनके खाते में सरकारी मदद आती है। छोटा किसान हो, छोटा व्यापारी हो, बहनों का स्वयं सहायता समूह हो, मुद्रा योजना के माध्यम से ऋण मिलता है। यहां तक कि पशुपालकों को भी किसान क्रेडिट से जोड़ा गया है। रेहड़ी-पटरी वालों को भी ऋण मिलना शुरू हो गया है।
लंदन और दुबई पहुंच रही मूली, भिंडी और लंगड़ा आम
प्रधानमंत्री ने कहा कि 25 मार्च को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी जी की दूसरी पारी का एक साल पूरा हो रहा है। दो-तीन दिन पहले योगी जी ने सबसे ज्यादा कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाया है। जहां सुरक्षा और सुविधा बढ़ती है, वहां समृद्धि बढ़ती है। नई परियोजनाएं समृद्धि के मार्ग को मजबूत करती हैं। बनारस के युवाओं को अधिक से अधिक खेलने के अवसर मिले, इसके लिए यहां सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। अब वाराणसी में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम भी बनने जा रहा है। आज यूपी विकास के हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज बनारस का लंगड़ा आम, गाजीपुर की भिंडी, जौनपुर की मूली लंदन और दुबई के बाजारों में पहुंच रही है।
जितना अधिक निर्यात किया जाता है, उतना ही अधिक पैसा किसानों तक पहुंचता है। विकास का जो रास्ता हमने चुना है उसमें सुविधा भी है और संवेदनशीलता भी। आज यहां पेयजल से जुड़ी कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। वाराणसी इस बात की गवाही देता है कि चुनौती कितनी भी बड़ी क्यों न हो, जब सबका प्रयास होता है तो एक नया रास्ता भी निकल आता है। 8-9 साल पहले जब काशी के लोगों ने अपने शहर का कायाकल्प करने का संकल्प लिया था तो कई ऐसे लोग थे जिन्हें आशंका थी कि बनारस में परिवर्तन नहीं होगा, काशी के लोग सफल नहीं हो पाएंगे।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications