Mahashivratri 2023: काशी के मंदिरों व शिवालयों में तैयारियां जोरों पर, बाबा धाम में मिलेगी विशेष सुविधा
महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए बाबा विश्वनाथ की प्रिय नगरी काशी में तैयारियां तेजी से चल रही है। काशी के मंदिर और शिवालयों की साफ-सफाई और रंग रोगन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।

Mahashivratri 2023 को लेकर वाराणसी में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। महाशिवरात्रि पर बाबा के विवाह उत्सव को देखते हुए गुरुवार को बाबा को हल्दी लगाई गई। इसके अलावा महाशिवरात्रि के दिन काशी के अलग-अलग इलाकों में शिव बारात निकाली जाएगी। बताया जा रहा है कि इस बार महाशिवरात्रि पर बनारस में निकाली जाने वाली बाबा की बारात काफी खास होगी। शिव बारात में जी20 का प्रतीक चिन्ह भी बारात के साथ चलेगा तथा बाबा के प्रतीक शिवलिंग के स्थान पर पंचबदन शिव प्रतिमा को इस बार शामिल किया जाएगा।

काशी में हर साल निकलती है भव्य शिव बारात
काशी नगरी में महाशिवरात्रि के दिन धूमधाम से शिव बारात निकाली जाती है। शिव बारात में भूत, पिचास, मदारी, बेताल, देवी-देवता, ढोल, नगाड़ा, सांप-सपेरे सभी शामिल होते हैं। यह भी बता दें कि शिव बारात में काशी में गंगा जमुनी तहजीब का नजारा देखने को मिलेगा। इस बार शिव बारात में काशी के रहने वाले सांड बनारसी दूल्हा और व्यापारियों के नेता बदरुद्दीन अहमद दुल्हन बनेंगे। इसके अलावा काशी के अलग-अलग इलाकों में शिव बारात निकाली जाएगी। समस्त ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी इलाकों में भव्य झांकियां भी देखने को मिलेगी। शिवरात्री पर्व पर काशी में की जाने वाली पंचकोश यात्रा भी की जाती है। ऐसे में पंचकोशी यात्रा में शामिल शिवभक्तों के स्वागत के लिए काशी के गंगा घाट से लगायत सभी पड़ाव और पंचकोशी वाली सड़क पर भी विभिन्न प्रकार के आयोजन किए जाएंगे।

45 घंटे तक खुला रहेगा बाबा का दरबार
महाशिवरात्रि पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ दरबार 45 घंटे खुला रहेगा। श्री काशी विश्वनाथ धाम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा द्वारा बताया गया कि शिवरात्रि पर्व पर 18 फरवरी की सुबह 2:15 से 3:15 बजे तक मंगला आरती की जाएगी उसके बाद 3:30 बजे मंदिर दर्शनार्थियों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके अलावा मध्यान भोग आरती दोपहर 12:00 बजे 12:30 बजे तक चलेगी। रात 11:00 बजे से चार पहर की आरती शुरू होगी जो सुबह 6:15 बजे तक चलेगी। यह भी बताया गया कि हर आरती से 10 मिनट पहले शंखनाद होगा और गर्भ गृह में भक्तों के प्रवेश को रोककर विशेष पूजा की जाएगी।

भक्तों के आगमन को देखते हुए लगाई गई अतिरिक्त बसें
महाशिवरात्रि पर्व पर काफी संख्या में भक्त बाबा का दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में वाराणसी समेत आसपास के जनपदों से काशी आने वाले बाब के भक्तों को बाबा धाम में दर्शन के लिए आने में किसी प्रकार की समस्या ना हो, इसे ध्यान में रखते हुए रोडवेज प्रशासन द्वारा अतिरिक्त बसों को लगाया गया है। इस बारे में जानकारी देते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक गौरव वर्मा द्वारा कहा गया कि महाशिवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए 16 से 20 फरवरी तक वाराणसी रोडवेज बस स्टेशन से गोरखपुर, आजमगढ़, और जौनपुर रूट के लिए 50-50 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

बाबा के स्पर्श दर्शन पर लगाई गई रोक
महाशिवरात्रि पर बाबा धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले भक्तों की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा बाबा विश्वनाथ के स्पर्श दर्शन पर रोक रहेगी। ऐसे में शिवरात्रि पर्व पर बाबा धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ का झांकी दर्शन ही कर पाएंगे। वहीं मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील वर्मा द्वारा बताया गया है कि भक्तों की भीड़ को देखते हुए बाबा के दर्शन के लिए आने वाले वीवीआइपी श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि शिवरात्रि के दिन बाबा का दर्शन करने से परहेज करें। उनका कहना है कि शिवरात्रि पर भारी भीड़ के चलते जहां वीवीआइपी को दर्शन करने में असुविधाओं का सामना करना पड़ेगा, वहीं बाबा के भक्तों को भी परेशानी होगी। ऐसे में वीवीआईपी शिवरात्रि के दिन दर्शन करने से परहेज करें।

पुलिस कमिश्नर ने मार्कंडेय महादेव मंदिर का किया निरीक्षण
महाशिवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन गुरुवार की दोपहर में चौबेपुर के कैथी में स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान अपने मातहतों संघ वे बाबा दरबार में पहुंचकर बाबा का जलाभिषेक किए और संगम घाट, रेन बसेरा, महादेव घाट आदि स्थानों का निरीक्षण भी किए। इस दौरान शिवरात्री पर लगने वाले मेले में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ ही अन्य सुरक्षा बिंदुओं पर स्थानीय पुलिस से जानकारी लिए। उन्होंने निर्देश दिया कि महाशिवरात्रि पर आयोजित मेले में शिव भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसका खास ध्यान रखा जाए। मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए जहां पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी वही संगम घाट और महादेव घाट पर जल पुलिस की भी तैनाती रहेगी। मार्कंडेय महादेव धाम में भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी तरह रामेश्वर में स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर प्रशासन द्वारा बताया गया कि महाशिवरात्रि पर्व पर पंचकोशी यात्रा करने के लिए काफी संख्या में श्रद्धालु निकलते हैं ऐसे में काशी पंचकोशी परिक्रमा का तीसरा बड़ा होने के चलते रामेश्वर महादेव मंदिर में भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications