Azamgarh: किसान यात्रा निकालने जा रहे मैग्सेसे पुरस्कार विजेता को वाराणसी पुलिस ने लिया हिरासत में
आजमगढ़ में एयरपोर्ट के लिए किए जाने वाले भूमि अधिग्रहण के विरोध में वाराणसी के अंबेडकर पार्क से किसान यात्रा निकालने पहुंचे डॉक्टर संदीप पांडेय को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

Azamgarh में मंदुरी एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में वाराणसी के कचहरी में स्थित अंबेडकर पार्क से किसान यात्रा निकालकर आजमगढ़ जाने से पूर्व ही मैग्सेसे पुरस्कार विजेता डॉ संदीप पांडेय और उनके साथियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक गेस्ट हाउस में पुलिस की निगरानी में उनको रखा गया है। पुलिस द्वारा बताया गया कि वाराणसी में किसान यात्रा की अनुमति नहीं है और धारा 144 लागू होने के चलते उनको रोका गया है।

एयरपोर्ट भूमि अधिग्रहण के खिलाफ चल रहा धरना प्रदर्शन
आजमगढ़ में एयरपोर्ट के निर्माण और उसके विस्तारीकरण में 8 गांव में भूमि अधिग्रहण किया जाना है। किसानों का कहना है कि सैकड़ों एकड़ जमीन एयरपोर्ट में चली जाएगी, ऐसे में किसानों का परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच जाएगा। भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आजमगढ़ में करीब दो माह से अधिक समय से किसानों द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इस धरना प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत के साथ ही अन्य लोग भी पूर्व में शामिल हो चुके हैं। पूर्व में डॉक्टर संदीप भी किसानों के धरना प्रदर्शन में शामिल हुए थे। अब किसानों द्वारा शनिवार को आजमगढ़ कचहरी के समीप स्थित अंबेडकर पार्क से किसान यात्रा निकाली जानी है। इसी किसान यात्रा में शामिल होने के लिए डॉक्टर संदीप अपने साथियों के साथ आजमगढ़ जाने वाले थे।
Recommended Video


खिरिया बाग में 2 माह से चल रहा धरना प्रदर्शन
आजमगढ़ एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए भूमि सर्वे का कार्य जब से प्रारंभ हुआ उसके बाद से ही किसान धरने पर बैठ गए। धीरे-धीरे करीब 2 माह का समय गुजर गया लेकिन अभी तक सरकार द्वारा किसानों के पक्ष में कोई फैसला नहीं लिया गया जिसके चलते किसानों का धरना जारी है। वही आजमगढ़ एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का कार्य भी रुका हुआ है। एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि भूमि अधिग्रहित किए जाने के बाद आजमगढ़ एयरपोर्ट का विस्तार होगा और यहां पर बड़े विमान भी आसानी से उतर पाएंगे। सरकार का कहना है कि रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत इस एयरपोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है जिसके चलते आजमगढ़ समेत आसपास के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि खेती से ही उनकी आजीविका चलती है ऐसे में यदि उनके खेत एयरपोर्ट में अधिग्रहित कर लिए जाएंगे तो उनके सामने आय का कोई श्रोत नहीं रह पाएगा।

पिछले माह भी निकाली गई थी किसान संघर्ष यात्रा
आजमगढ़ एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण किए जाने के खिलाफ में आजमगढ़ में पिछले माह किसान संघर्ष यात्रा निकाली गई थी। यह यात्रा आजमगढ़ के सरायमीर, फूलपुर, नंदगंज, फरिहा, निजामाबाद, शेरपुर, तहबरपुर, नेवादा और मंदुरी आदि इलाकों में गई थी। किसान संघर्ष यात्रा का बाजारों और गांव में लोगों द्वारा स्वागत किया गया था। उस समय भी यात्रा में मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित डॉ संदीप पांडेय भी शामिल हुए थे। पिछले माह किसानों के संघर्ष यात्रा में शामिल डॉ संदीप ने कहा था कि किसानों की कृषि योग्य भूमि का कोई विकल्प नहीं हो सकता है और किसानों की आजीविका के साधन को बदला नहीं जा सकता। उन्होंने यह भी कहा था कि भूमि अधिग्रहण अधिनियम के तहत किसानों की भूमि उनके मर्जी के बगैर सरकार द्वारा अधिग्रहित नहीं की जा सकती है। आजमगढ़ एयरपोर्ट का निर्माण वाराणसी एयरपोर्ट के अधिकारियों की देखरेख में हो रहा है, ऐसे में वाराणसी एयरपोर्ट निदेशक आर्यमा सान्याल से बात किया गया तो उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण को लेकर मास्टर प्लान तैयार कर सरकार को सौंप दिया गया है भूमि अधिग्रहित करने या न करने का फैसला सरकार द्वारा ही लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications