आठ साल बाद वायरल हुआ वीडियो, दो युवकों से पुलिस कर रही पूछताछ
वाराणसी के रेवड़ी तालाब निवासी युवक का वीडियो 8 साल बाद हुआ वायरल, पुलिस कर रही पूछताछ
वाराणसी, 12 अगस्त: वाराणसी के रहने वाले एक युवक द्वारा प्रतिबंधित गन एमपी-5 से फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे और उसके मित्र को हिरासत में लिया है। वीडियो वर्ष 2014 का बताया जा रहा है जो पिछले दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस द्वारा दो युवकों को पकड़ कर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ करने के बाद उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।

दोस्त से गन लेकर किया था फायर
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने वाराणसी जिले के रेवड़ी तालाब निवासी आलम नामक युवक को पकड़ा। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि 2014 में वह अपने करीबी मित्र सिकंदर के साथ सूरत गया था। उसके बाद सूरत से वह मुंबई गया और वहां पर आर्मी में तैनात उसके एक मित्र फायरिंग रेंज में शूटिंग कर रहे थे। उनको देखने के बाद आलम भी फायरिंग करने के लिए अपने दोस्त से बात किया और उसी गन से उसने भी फायर किया।

पांच राउंड फायर किया और मित्र ने बनाया वीडियो
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि आलम नामक युवक 50 सेकंड में 5 राउंड फायरिंग किया है। फायरिंग करते समय उसके मित्र सिकंदर ने उसका वीडियो बना लिया। 2014 में बनाया गया वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। आलम का कहना है कि वीडियो कैसे वायरल हुआ इसके बारे में उसे जानकारी नहीं है।

युवक के बारे में जानकारी जुटा रही पुलिस
पकड़े गए युवक से वाराणसी कमिश्नरेट के भेलूपुर थाने की पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आलम द्वारा जो कुछ बताया गया है उसके आधार पर आर्मी के अफसरों से भी बात किया जाएगा। इसके अलावा यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आलम का कनेक्शन आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से तो नहीं न है। पूछताछ और जांच पड़ताल किए जाने के बाद आलम और उसके मित्र के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications