PM Modi Varanasi Visit: काशी में फिर होगी विकास की बारिश, पीएम मोदी देंगे 2500 करोड़ की नई योजनाओं की सौगात!
PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए एक और बड़ी सौगात देने आ रहे हैं। इस दौरे के दौरान वे 2500 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री वाराणसी में बिजली निगम की 500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जिससे शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा, बाबतपुर एयरपोर्ट को रनवे से जोड़ने वाली टनल परियोजना का शिलान्यास भी किया जाएगा।

पीएम मोदी के इस दौरे के दौरान रिंग रोड के पास एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस आयोजन का स्थान तय करने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी गई है, जो जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा करेंगे।
रोपवे परियोजना का निरीक्षण करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी में बन रहे देश के पहले पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे का निरीक्षण भी कर सकते हैं। काशी विद्यापीठ रोपवे स्टेशन का कार्य लगभग पूरा कर लिया है। यहां पर अंतिम चरण में फॉल सीलिंग का काम भी अगले सप्ताह तक पूरा कर लिया जाएगा, ताकि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले सभी तैयारियां पूरी हो जाएं।
पीएमओ ने इस संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन से विस्तृत कार्यक्रम का ब्योरा मांगा है। इस संबंध में रविवार को वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशासनिक टीम की एक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें दौरे से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई।
सीएम योगी करेंगे तैयारियों की समीक्षा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन अप्रैल को वाराणसी पहुंचेंगे, जहां वे कश्मीरीगंज खोजवा स्थित राम मंदिर का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में पीएम के संभावित कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था और विकास परियोजनाओं की रूपरेखा पर चर्चा होगी।
रविवार देर शाम सर्किट हाउस में जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रधानमंत्री के दौरे से जुड़ी परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान नगर निगम सदन भवन सहित कई प्रमुख विकास कार्यों की रूपरेखा तय की गई।
दुर्गाकुंड का निरीक्षण करने जा सकते हैं पीएम
प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान वाराणसी के ऐतिहासिक दुर्गाकुंड के सुंदरीकरण कार्य का उद्घाटन भी कर सकते हैं। पीएमओ की पहल पर जल शक्ति मंत्रालय ने निजी कंपनियों के सहयोग से इस तालाब के सौंदर्यीकरण और जल शुद्धिकरण का कार्य करवाया है।
लंबे समय से बदहाल दुर्गाकुंड में अब पानी की गुणवत्ता बेहतर हो गई है, जिससे मछलियों और कछुओं के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है। नगर निगम और वेलस्पन इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड ने अत्याधुनिक तकनीकों की मदद से यहां जल प्रबंधन का कार्य किया है।
बताया जा रहा है कि पीएम मोदी का वाराणसी में तीन से चार घंटे का प्रवास संभावित है। इस दौरान वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीएम के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है और सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications