Pension Camp: वाराणसी में 14 जुलाई से 5 अगस्त तक 8 जोनों में लगेंगे शिविर, जानें पूरा शेड्यूल
Pension Camp: वाराणसी में निवास करने वाले वृद्ध, निराश्रित महिलाएं और दिव्यांगजन अब पेंशन के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाएंगे। समाज कल्याण विभाग की ओर से 14 जुलाई से 5 अगस्त तक जोनवार पेंशन कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
यह विशेष अभियान राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांगजन पेंशन योजना के तहत चलाया जाएगा। कैंप में पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन की सुविधा दी जाएगी। प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी होगी।

हर कैंप सुबह 10 बजे शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा। शिविरों में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। वे लाभार्थियों को योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे और वहीं उनका आवेदन भी दर्ज करेंगे।
तय तारीखों पर हर जोन में लगेंगे शिविर
अभियान की शुरुआत आदमपुर जोन से होगी, जहां 14 और 15 जुलाई को कैंप लगेगा। इसके बाद भेलूपुर जोन में 16-17 जुलाई, दशाश्वमेध जोन में 21-22 जुलाई को शिविर का आयोजन किया जाएगा।
कोतवाली जोन के लिए 23 और 24 जुलाई की तारीख तय की गई है। ऋषि मांडवी जोन में 25 और 26 जुलाई को कैंप लगेगा, जबकि रामनगर जोन में 28 और 29 जुलाई को यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।
अधिकारियों द्वारा यह भी बताया गया कि सारनाथ जोन के लिए 30 और 31 जुलाई को शिविर निर्धारित है। वहीं, अंतिम चरण में 4 और 5 अगस्त को वरुणापार जोन में यह पेंशन अभियान संपन्न होगा।
सभी कैंपों में लाभार्थियों को दस्तावेजों की जांच के बाद उसी समय ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा मिलेगी। अधिकारियों का उद्देश्य है कि पात्र जनों को एक ही स्थान पर पूर्ण सुविधा दी जाए।
आवेदन के लिए ये दस्तावेज अनिवार्य
शिविर में भाग लेने वाले व्यक्तियों को कुछ जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे। इनमें आधार कार्ड, बैंक खाता पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो, आय प्रमाणपत्र, आधार से लिंक मोबाइल नंबर शामिल हैं।
यदि किसी दिव्यांगजन को आवेदन करना है, तो उसे दिव्यांगता प्रमाणपत्र लाना होगा। वहीं, किसी मृतक व्यक्ति के आश्रित को लाभ लेना है, तो मृत्यु प्रमाणपत्र दिखाना अनिवार्य होगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद्र दूबे ने बताया कि यह पेंशन योजना कैंप राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित हो रहा है। इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा पात्रों को सीधा लाभ देना है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि समय पर कैंप में पहुंचे और सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें। इससे न केवल प्रक्रिया सरल होगी, बल्कि पेंशन स्वीकृति में भी तेजी आएगी।












Click it and Unblock the Notifications