ओपी राजभर ने बेटे को जिताने के लिए मुस्लिम बस्ती में लिया माफिया मुख्तार के नाम का सहारा
बेटे को जिताने के लिए ओपी राजभर ने लिया मुख्तार के नाम का सहारा
वाराणसी, 08 फरवरी: मुस्लिम वोट को साधने और यूपी में सरकार बनाने के लिए सपा गठबंधन हर हथकंडे अपना रही है। कुछ ऐसा ही नजारा सोमवार को वाराणसी के लोहता इलाके में मुस्लिम बस्ती में देखने को मिला, जब सपा के साथ गठबंधन कर चुनावी समर में आने वाले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मुस्लिम बस्ती में सभा के दौरान माफिया मुख्तार अंसारी के नाम का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में किसी को हिम्मत नहीं थी बांदा जेल जाने की, मैं गया और 2 घंटे जेल में बिताया जिसके बाद लखनऊ और दिल्ली में हलचल बढ़ गयी। लोगों ने मुझसे पूछा तो मैंने जवाब दिया कि मोदी जी जैसे आपका रिश्ता कश्मीर में महबूबा मुफ्ती से है वैसे ही मेरा रिश्ता मुख्तार अंसारी से है।

अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले ओमप्रकाश राजभर ने वाराणसी में सोमवार को चार जनसभा को सम्बोधित किया। इन सभाओं में सबसे पहले लोहता के मीनाबाजार और धमरिया में सभा की। उसके बाद चांदपुर और फुलवरिया में लोगों से सपा और सुभासपा गठबन्धन प्रत्याशी अपने बेटे अरविंद राजभर को वोट करने के लिए अपील की। इस जनसभा के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्तार अंसारी के सवाल पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वह जहां से लड़ना चाहेंगे उन्हें अपने सिंबल पर चुनाव लड़ाएंगे क्योंकि जब बृजेश सिंह भारतीय जनता पार्टी के सिंबल पर लड़ सकते हैं तो मुख्तार अंसारी हमारे सिम्बल पर क्यों नहीं लड़ सकते हैं। वहीं जब माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे उमर को भी पार्टी से टिकट दिए जाने का सवाल हुआ तो बोले कि वो आवेदन करें हम उन्हें भी टिकट देंगे। लेकिन जब मुख्तार अंसारी के अपराधी होने की बात कही गयी तो बोले मैं नही मानता जब तक कोर्ट अपराधी नहीं कहता तब तक कोई अपराधी नहीं हो सकता। मुख्तार यूपी में जहां से चाहें चुनाव चुनाव लड़ सकते हैं। मुख्तार के ऊपर कोर्ट से कोई आरोप थोड़े सिद्ध हुआ हैं।
'हम तीन मिलकर बनते हैं परमाणु बम'
चुनावी माहौल में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए ओपी राजभर से जब सवाल हुआ कि महाराज जी कहते हैं कि यूपी वालो को दो लड़कों से सावधान रहने की जरूरत है तो बोले दो नहीं तीन हैं, मुझे भूल गए हैं। हम तीन न्युट्रान, प्रोटान और इलेक्ट्रान हैं, जो मिल कर परमाणु बम हैं। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के यूपी चुनाव में एंट्री को लेकर बोले कि अभी यूपी चुनाव में कई और बड़े पहलवान आने वाले हैं। ओमप्रकाश राजभर ने मंच से लेकर मीडिया के बयान में कहा कि हमारी सरकार आई तो दो पहिया वाहनों पर तीन सवारी फ्री करा देंगे किसी का चालान पुलिस नही काटेगी। जब ट्रेन और जीप में लोग क्षमता से अधिक सफर करते है तो चालान नहीं होता तो दो पहिया पर क्यों? ओमप्रकाश यहीं नहीं रुके उन्होंने भाजपा सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव आने पर भारतीय जनता पार्टी के लोग धर्म का चश्मा पहनकर नफरत की भाषा बोलते हैं, लेकिन कहीं मिल जाएं तो उनसे पूछ लीजिये कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवाज शरीफ की पत्नी को शॉल भेंट करते हैं और बिरयानी खाकर लौट आते हैं।












Click it and Unblock the Notifications