अच्छी खबर- काशी विश्वनाथ धाम में मोबाइल और बैग लेकर प्रवेश कर सकेंगे भक्त
श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन करने के लिए आने वाले श्रद्धालु अब अपने मोबाइल और बैग को लेकर भी श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रवेश कर सकते हैं, परिसर में यात्री सुविधा केंद्र में अपनी मोबाइल निशुल्क जमा कर सकते हैं।
वाराणसी, 23 सितंबर : श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। अब श्रद्धालुओं को अपने पास रखे मोबाइल फोन और बैग के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। श्रद्धालु अपने मोबाइल और बैग को लेकर भी श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रवेश कर सकते हैं। यह सुविधा प्रारंभ हो जाने से अब श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी। धाम के बाहर निजी लॉकर में सामग्री रखने के लिए लगने वाले मनमाने शुल्क से भी लोगों को छुटकारा मिल जाएगा। वहीं धाम में मोबाइल और बैग लेकर प्रवेश करने के बाद धाम के अंदर बने लॉकर में श्रद्धालु अपनी मोबाइल और बैग को निशुल्क जमा कर सकेंगे।

बाहरी दुकानदारों द्वारा लिया जाता है मनमाना शुल्क
अभी तक श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को मोबाइल और बैग तथा किसी भी इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ प्रवेश करने की अनुमति नहीं थी। ऐसे में श्री काशी विश्वनाथ धाम के बाहर के दुकानदारों द्वारा अपनी दुकान में ही लॉकर बनवाया गया था और वहां पर इन सामग्रियों को रखने के लिए दुकानदारों द्वारा मनमाने तरीके से शुल्क वसूला जाता था। ऐसे में देश-विदेश से श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

चारों द्वार से इन सामानों के साथ मिलेगी प्रवेश की अनुमति
श्री काशी विश्वनाथ धाम का नए रूप में निर्माण किए जाने के बाद धाम में प्रवेश के लिए चार द्वार बनाए गए हैं। धाम में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल द्वारा नए सिरे से सुरक्षा प्लान तैयार किया जा रहा है। ऐसे में मंदिर परिसर की सुरक्षा भी बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा सीआईएसएफ द्वारा बनाए गए नए सुरक्षा ड्राफ्ट प्लान के तहत श्रद्धालुओं को मोबाइल और बैग के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रवेश की सहमति दे दी गई है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रवेश के लिए बनाए गए चारों द्वार से अब श्रद्धालु अपने मोबाइल और बैग को लेकर भी प्रवेश कर सकते हैं।

श्रद्धालुओं के साथ न हो किसी प्रकार का दुर्व्यवहार
बृहस्पतिवार को अपर पुलिस आयुक्त अपराध व मुख्यालय संतोष कुमार सिंह ने श्री काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों संग धाम में भ्रमण किये और सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी चर्चा किया गया। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त द्वारा सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों से कहा गया कि धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को यात्री सुविधा केंद्र के बारे में बताया जाय और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखा जाय। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों से अभी कहा कि सुरक्षा जांच के नाम पर किसी भी श्रद्धालुओं को समस्या ना होने पाए और श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार न हो इसका भी ध्यान रखा जाए।

निशुल्क सुविधा के प्रति किया जा रहा जागरूक
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार से श्री काशी विश्वनाथ धाम में बने यात्री सुविधा केंद्र संचालित होने लगा है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में मोबाइल और बैग लेकर प्रवेश करने वाले यात्री इस यात्री सुविधा केंद्र का लाभ उठा सकते हैं। यात्री सुविधा केंद्र में बनाए गए लॉकर में श्रद्धालु अपने मोबाइल और बैग को सुरक्षित रख सकते हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि श्री काशी विश्वनाथ धाम के यात्री सुविधा केंद्र पर बनाए गए लॉकर पूरी तरह से निशुल्क हैं और श्रद्धालुओं को इसके लिए जागरूक भी किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications