VDA ने सील किया सपा नेता का होटल, नेता बोले- निकाय चुनाव से पहले सरकार कर रही है परेशान
वाराणसी में समाजवादी पार्टी के नेता के होटल को वाराणसी डेवलपमेंट अथारिटी ने सील कर दिया है। सपा नेता का कहना है कि निकाय चुनाव से पहले भाजपा सरकार उन्हें परेशान कर रही हैं।

वाराणसी के सपा नेता ओपी सिंह के शिवपुर स्थित होटल और बार को VDA ने बुधवार शाम सील कर दिया। होटल सील होने के दौरान बड़ी संख्या में सपा नेता के समर्थक भी वहां पहुंच गए थे, जिसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। वहीं सपा नेता का कहना है कि वह वाराणसी से महापौर के लिए सपा की ओर से दावेदारी पेश करने वाले थे। राजनीतिक रंजिश के चलते सरकार ने यह कार्रवाई की है।
दरअसल, सपा नेता ओपी सिंह का होटल वाराणसी-बाबतपुर फोरलेन पर सुद्धिपुर, शिवपुर में स्थित है। यह होटल काफी फेमश होटल माना जाता है। करीब 25 साल पुराने इस होटल का नाम पहले रोटी ढाबा था। उसके बाद इसी होटल में बार भी खोल दिया गया।
इसी में अद्रिका होटल और बार भी संचालित होता है। वीडीए के अधिकारियों का कहना है कि ढाबे पर होटल अद्रिका का संचालन शुरू हो जाने के बाद बीते 21 मार्च को ओमप्रकाश सिंह को धारा 27 के तहत नोटिस जारी करते हुए होटल का नक्शा पास होने के बारे में पूछा गया था।
इसी मामले में बीते 4 अप्रैल को सुनवाई हुई। वीडीए के अधिकारियों का कहना है कि सुनवाई के दौरान सपा नेता ओपी सिंह कोई जवाब नहीं दिए। ऐसे में जवाब न मिल पाने के चलते बुधवार को होटल को सील कर दिया गया है।
वहीं इस बारे में सपा नेता ओपी सिंह का कहना है कि साल 2012 में होटल का नक्शा पास करवाने के लिए एक मुश्त समाधान योजना के तहत वीडीए में 5 लाख रुपए जमा कराए गए थे। रुपए जमा करने के बाद फाइल बंद कर दी गई थी।
उन्होंने यह भी कहा कि वीडीए ने उन्हें गत मार्च माह में नोटिस जारी कर 10 लाख रुपये शमन शुल्क जमा कराने का निर्देश दिया था। बताया गया कि ओपी सिंह द्वारा चार अप्रैल को सुनवाई के दिन ही अधिवक्ताओं के माध्यम से नक्शा पास कराने का आवेदन देते हुए 15 दिन का समय मांगा गया था।
इसी बीच बुधवार को वीडीए की टीम होटल पहुंच गई और होटल को सील करने की कार्रवाई करने लगी। सपा नेता के साथ ही ओपी सिंह अधिवक्ता भी हैं ऐसे में होटल सील किए जाने की सूचना मिलते ही काफी संख्या में अधिवक्ता और ओपी सिंह के समर्थक वहां पहुंच गए।
भीड़ अधिक होने के चलते वहां पर काफी गहमागहमी देखने को मिली। उसके बाद शिवपुर के अलावा आसपास के थानों की पुलिस भी बुलानी पड़ी और बुधवार को सायंकाल होटल को वीडीए की टीम द्वारा सील कर दिया गया।
सपा नेता का यह भी आरोप है कि यूपी निकाय चुनाव 2023 के दौरान वाराणसी से समाजवादी पार्टी से ओपी सिंह महापौर की दावेदारी कर रहे थे। उनका कहना है कि चुनाव प्रचार प्रारंभ कर दिए थे और इसकी जानकारी मिलने के बाद राजनीतिक रंजिश के चलते उनके होटल को सील किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications