चंदौली: अंतिम संस्कार के 21 साल बाद जिंदा मिला शख्स
चंदौली के कमालपुर कस्बे में रहने वाला एक व्यक्ति 21 वर्ष पूर्व अपने घर से लापता हो गया था, काफी खोजबीन करने के बाद जब उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजन उसे मृत मानकर उसका अंतिम संस्कार कर दिए थे मंगलवार को उसक
चंदौली, 31 अगस्त : एक व्यक्ति जिसे मृत समझकर 21 साल पहले परिवार वालों द्वारा उसका अंतिम संस्कार परिजनों द्वारा कर दिया गया था, उसके जिंदा मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। मंगलवार को पुलिस घर पहुंची और उसके बाद उस शख्स के परिजनों से बात की, बात के दौरान भी परिजन यह मानने को तैयार नहीं थे। हालांकि फोटो देखने के बाद परिजन हतप्रभ रह गए। परिजन उसे घर वापस लाने के लिए जम्मू के लिए प्रस्थान कर गए हैं, एक दो दिन में उसे घर वापस लेकर लौटेंगे।

आइसक्रीम बेचते समय हुआ था गायब
दरअसल चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत कमालपुर कस्बे के रहने वाला जयप्रकाश अपने पिता मुरली जायसवाल के साथ रेलवे स्टेशन पर आइसक्रीम बेचता था। वर्ष 2001 में आइसक्रीम बेचते समय वह एकाएक लापता हो गया। उसके पिता और परिवार वालों ने उसकी काफी खोजनबीन की लेकिन उसके बारे में कहीं जानकारी नहीं मिली। जयप्रकाश मंदबुद्धि था ऐसे में लोगों को लगा कि जयप्रकाश की मौत हो चुकी है। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उसके बारे में जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने प्रतीकात्मक रूप से उसकी अंत्येष्टि कर दी।

21 साल से जम्मू की जेल में है बंद
चंदौली से लापता होने के बाद जयप्रकाश भटकते हुए किसी तरह जम्मू चला गया। जम्मू में राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा जांच की जा रही थी, उसी समय उसके जेब से पुलिस द्वारा तीन चार कारतूस बरामद किया गया। कारतूस बरामद करने के बाद रेलवे पुलिस द्वारा पूछताछ किया गया लेकिन मंदबुद्धि होने के चलते जयप्रकाश पुलिस को कुछ नहीं बता पाया। ऐसे में संदिग्ध मानकर जयप्रकाश को जेल भेज दिया गया। जेल में रहने के दौरान कई बार उसके केस की सुनवाई हुई। जमानत के लिए उसे जमानतदार भी नहीं मिले और वह जेल में पड़ा रहा।

पुलिस की पूछताछ में बताया अपना पता
काफी समय से जेल में बंद होने के चलते धीरे-धीरे उसकी याददाश्त वापस लौटी। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना पता पुलिस को बताया। जानकारी होने के बाद जम्मू पुलिस ने चंदौली के धीना थाने की पुलिस से संपर्क किया। संपर्क के बाद मंगलवार को धीना थाने के पुलिसकर्मी जयप्रकाश के घर पहुंचे और परिजनों से उसके बारे में जानकारी लिए। परिजन जिसे 21 वर्षों से मृत मान रहे थे उसके जिंदा होने की बात सुनते ही सभी लोग हतप्रभ रह गए। उसके बाद पुलिस ने मोबाइल में फोटो दिखाकर पहचान कराया तब परिजनों को विश्वास हुआ।

जम्मू रवाना हुए जयप्रकाश के परिजन
मोबाइल में फोटो देखने के बाद पूरी पुष्टि हो जाने के पर जयप्रकाश के परिजन मंगलवार को जम्मू के लिए प्रस्थान कर गए। वहां पर जमानत कराने के साथ ही परिजन जयप्रकाश को वापस लेकर लौटेंगे। वहीं इस मामले की जानकारी मिलने के बाद कमालपुर के साथ ही आसपास के इलाकों में भी तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है। फिलहाल जिस व्यक्ति को 21 वर्ष पूर्व परिजन मृत मान लिए थे उसके घर आने को लेकर परिवार में खुशी का माहौल है।












Click it and Unblock the Notifications