UP News: काशी में गंगा किनारे अस्सी घाट पर झाड़ू लगाते दिखे मंत्री और मेयर, स्कूली बच्चे भी हुए शामिल
UP News: महात्मा गांधी की 154वीं जयंती से एक दिन पहले देशभर में देशवासियों और भारतीय जनता पार्टी की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वाराणसी समेत अन्य जिलों में भी लोग अभियान चलाकर सफाई कर रहे हैं।
रविवार को वाराणसी में गंगा नदी के किनारे अस्सी घाट पर भी सफाई अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम में मंत्री रवींद्र जायसवाल और मेयर अशोक तिवारी, पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन के साथ वाराणसी के कई स्कूलों के बच्चे और काशी के लोग भी शामिल हुए।

इसके अलावा वाराणसी में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत अच्छा काम करने वाले सफाई कर्मियों को भी नगर निगम की ओर से सम्मानित किया गया। सुबह-ए-बनारस कार्यक्रम स्थल पर डमरू दल द्वारा भी कार्यक्रम आयोजित किया गया और शिव-पार्वती बने कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किया।
शिव पार्वती का रूप धारण किए कलाकारों ने हाथों में स्वच्छता ही सेवा और स्वच्छ भारत की तख्तियां लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। इस अभियान में अस्सी घाट के साथ ही आसपास भी साफ सफाई की गई।
मालूम हो कि रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नैमिष धाम पहुंचे और प्रदेशवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। नैमिषारण्य विकास परिषद के गठन के बाद योगी पहली बार नैमिष धाम पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मां ललिता देवी के दर्शन किए और वहां संतों से चक्रतीर्थ के बारे में चर्चा की।
इस मौके पर योगी ने कहा कि तीर्थ स्थलों के विकास के लिए सरकार के पास पैसे की कोई कमी नहीं है। इस दौरान सीएम योगी ने वहां उपलब्ध सुविधाओं और कॉरिडोर को लेकर चल रहे काम का जायजा भी लिया और झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश भी दिया।












Click it and Unblock the Notifications