UP: घर नहीं बन रहा तो पीएम मोदी से गुहार लगाने काशी से ट्रॉली लेकर निकले मंगल केवट, जानें पूरा मामला
UP Hindi News: वाराणसी के रहने वाले मंगल केवट अपनी विरासत को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के लिए ट्राली द्वारा वाराणसी से दिल्ली के लिए प्रस्थान कर गए हैं। मंगल केवट का कहना है कि कुछ दबंग लोग उनका घर नहीं बनने दे रहे हैं। अधिकारियों से शिकायत के बाद भी उनको न्याय नहीं मिल रहा है।
ऐसे में मंगल केवट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर न्याय की गुहार लगाने के लिए ट्राली से ही दिल्ली के लिए प्रस्थान कर गए हैं। मंगल केवट का कहना है कि 15 दिन में वे ट्राली लेकर दिल्ली पहुंच जाएंगे और दिल्ली पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर अपनी समस्या होने बताएंगे तथा न्याय की गुहार लगाएंगे।

दरअसल, मंगल केवट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान से प्रभावित होकर वाराणसी के राजघाट स्थित मालवीय पुल की साफ-सफाई के अलावा अपने गांव और गंगा किनारे भी साफ सफाई करते थे। इसी बात से प्रभावित होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगल केवट से साल 2020 में 16 फरवरी को मुलाकात की थी।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनकी प्रशंसा भी की गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छता के प्रति मंगल केवट के समर्पण और उनके प्रयास की सराहना की गई थी और उनके साथ ही पूरे परिवार का कुशलक्षेम पूछा गया था। उसके बाद वाराणसी आगमन के दौरान एक बार और मंगल केवट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।
फिलहाल मंगल केवट का कहना है कि करीब 16 साल पहले उनकी मां को ग्राम समाज से पंचनामा करके जमीन मिली थी। उसी जमीन पर मंगल केवट मकान बनाना चाहते हैं, मकान बनाने के लिए पीएम आवास हेतु स्वीकृति भी मिल चुकी हैA उनका कहना है कि दबंग लोगों द्वारा वहां पक्का मकान बनाने से उनको रोका जा रहा है और लोग मकान नहीं बनने दे रहे हैं।
मंगल केवट द्वारा यह भी आरोप लगाया गया कि इस बारे में उन्होंने लेखपाल से न्याय की गुहार लगाई सुनवाई नहीं हुआ उसके बाद वह जिलाधिकारी और मंडलायुक्त को भी पत्र देकर न्याय की मांग की है लेकिन अधिकारियों द्वारा उनके प्रार्थना पत्र को अनसुना कर दिया गया। ऐसे में उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलकर शिकायत करने का मन बनाया और ट्राली से ही प्रधानमंत्री से मिलने के लिए दिल्ली प्रस्थान कर गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications