Maha Kumbh 2025: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में स्पर्श दर्शन पर 26 फरवरी तक रोक, श्रद्धालु करेंगे झांकी दर्शन
Maha Kumbh 2025 Varanasi: वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने एक अहम फैसला लिया है। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान कुंभ स्नान करने के बाद वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 26 फरवरी तक बाबा के स्पर्श दर्शन पर रोक रहेगी।
ऐसे में अब काशी में बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालु स्पर्श दर्शन करने की बजाय बाबा विश्वनाथ का झांकी दर्शन ही कर सकेंगे। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है।

दरअसल, आगामी 13 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजित हो रहे दिव्य-भव्य महाकुंभ में करीब 40 करोड़ श्रद्धालु स्नान करने के लिए पहुंचेंगे। महाकुंभ में स्नान करने के बाद वहां से अयोध्या और काशी के लिए भी काफी संख्या में श्रद्धालु प्रस्थान करेंगे।
ऐसे में बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में करीब 10 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी लगातार वाराणसी में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर बैठकें कर रहे हैं।
4 जनवरी तक 18 लाख से अधिक भक्तों ने किया दर्शन
नए साल की शुरुआत से ही काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ में लगातार इजाफा हो रहा है। जनवरी 2025 में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की औसत संख्या दो लाख से अधिक हो गई है, जो 2024 में करीब 1.70 लाख थी। एक से चार जनवरी के बीच 18 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं।
मंदिर प्रशासन ने महाकुंभ के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महाशिवरात्रि और सावन का प्रोटोकॉल लागू किया है। इसमें श्रद्धालु कतार में लगकर झांकी दर्शन करेंगे। इस प्रोटोकॉल के तहत स्पर्श दर्शन की अनुमति नहीं होगी।
इस बारे में जानकारी देते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि महाकुंभ में श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व संख्या को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि श्रद्धालुओं को झांकी दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। विशेष व्यवस्था, अतिरिक्त सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन के जरिए दर्शन की प्रक्रिया को सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। स्पर्श दर्शन पर आगे का निर्णय महाकुंभ के बाद स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications