फाइव स्टार होटल से कम नहीं है काशी का अलकनंदा क्रूज, जानिए सवारी के लिए कितने रुपए करने होंगे खर्च
वाराणसी। देव दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी पहुंचे थे। अलकनंदा क्रूज की सवारी कर गंगा की लहरों के बीच से पीएम बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। पीएम मोदी ने यहां से लेजर शो का लुफ्त उठाया। बता दें, अलकनंदा क्रूज किसी फाइव स्टार होटल से कम नहीं है। यह क्रूज अस्सी घाट और राजघाट के बीच के चलता है, जिससे सुबह-ए-बनारस और शाम को दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती दिखाई जाती है। आइए जानते हैं 2000 वर्ग फीट के इस अत्याधुनिक क्रूज की क्या खासियत हैं और आप कैसे और कब इसकी सवारी कर सकते हैं।

फुली एयर कंडीशनर है डबल डेकर अलकनंदा क्रूज
अलकनंदा क्रूज डबल डेकर है। इसमें नीचे के डेक में 60 लोग और ऊपर के डेक पर 30 लोगों के बैठ सकते हैं। फुली एयर कंडीशनर क्रूज की खिड़कियों को इस हिसाब से बनाया गया है, जिससे अंदर बैठा व्यक्ति बाहर के नजारे का पूरा आनंद ले सके।

खाने-पीने से लेकर मनोरंजन का इंतजाम
क्रूज में खाने-पीने से लेकर मनोरंजन का पूरा ध्यान रखा गया है। क्रूज में स्ट्रीट फूड से लेकर बनारस और दुनियाभर के कई व्यंजन मिलते हैं। सेकेंड फ्लोर पर अत्याधुनिक रेस्त्रां है, जहां ऑन डिमांड डिश भी बनाई जाती हैं। इसके अलावा भारतीय शास्त्रीय संगीत चलता रहता है।

साफ-सफाई का रखा गया है विशेष ध्यान
क्रूज में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया है। लोगों को क्रूज के अंदर कचरा फेंकने की सख्त मनाही है। अंदर अलग-अलग कचरे को फेंकने के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखे गए हैं। बायो-टॉयलेट बनाए गए हैं। पर्यावरण का ध्यान रखते हुए क्रूज के इंजन को पूरी तरह से साउंड प्रूफ बनाया गया है। क्रूज में सुरक्षा जैकेट और लाइफगार्ड भी हैं। साथ ही किसी इमरजेंसी के लिए लाइफ बोट भी होती है।

क्रूज की सवारी के लिए चुकाने होंगे 900 रुपए
अलकनंदा क्रूज पर सवारी के लिए आपको 900 रुपए खर्च करने होंगे। 'सुबह-ए-बनारस' देखने के लिए मॉर्निंग क्रूज की बुक्रिंग करनी होगी। इसके लिए 900 रुपए खर्च करने होंगे। यह सवारी सुबह 7 बजे से 9:30 बजे तक होगी। बुकिंग के बाद व्यक्ति को 7 बजे तक रिपोर्ट करना होगा। लेट होने पर आप क्रूज की सवारी मिस कर देंगे। शाम की गंगा आरती देखने के लिए इवनिंग क्रूज बुक करना होगा। इसके लिए भी 900 रुपए चुकाने होंगे। शाम पांच बजे से साढ़े छह बजे तक क्रूज पर बैठ कर आप गंगा आरती का आनंद ले सकते हैं। कोरोना के कारण क्रूज में सेफ्टी मानकों का भी खास ध्यान रखा गया है।

कैसे करें बुकिंग ?
अलकनंदा क्रूज पर सवारी के लिए दिए गए लिंक https://nordiccruiseline.com/booking/ पर क्लिक करें। साइट खुलने पर आपको मॉर्निंग और इवनिंग क्रूज की बुकिंग के लिए दो अलग-अलग विकल्प दिए गए हैं। बुक नॉउ क्लिक करने के बाद आपको दिन और समय तय करना होगा। अपने हिसाब से बुकिंग कर आप अलकनंदा क्रूज की सवारी का आनंद ले सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications