UP Varanasi: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास समारोह में आएंगे देश के ये दिग्गज क्रिकेटर
UP Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के गंजारी गांव में 23 सितंबर को प्रधानमंत्री के हाथों अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास होगा। अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के शिलान्यास समारोह में शामिल होने के लिए देश के दिग्गज क्रिकेटर वाराणसी आएंगे।
वाराणसी में आने वाले दिग्गज क्रिकेटरों और अन्य खिलाड़ियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। कहा जा रहा है कि शिलान्यास समारोह में देश के दिग्गज क्रिकेटरों के साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को भी बुलाया जाएगा।

दरअसल, वाराणसी के राजातालाब तहसील अंतर्गत रिंग रोड फेज 2 के किनारे स्थित गंजारी गांव में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाना है। गंजारी गांव में स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और टेंडर भी हो चुका है।
30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण में 451 करोड़ रुपए खर्च होंगे। जिसमें सरकार द्वारा 121 करोड़ रुपए भूमि अधिग्रहण के लिए खर्च किए गए हैं। इसके अलावा बीसीसीआई द्वारा 330 करोड़ रुपए खर्च कर इंटरनेशनल स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।
शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे ये खिलाड़ी
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो वाराणसी में बनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास कार्यक्रम में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री भी शामिल होंगे। वहीं बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी और सचिव जय शाह व उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी मौजूद रहेंगे।
यह भी कहा जा रहा है कि शिलान्यास समारोह में शामिल होने के बाद देश के दिग्गज क्रिकेटर श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन करने के लिए भी जाएंगे। ऐसे में रूट निर्धारण और सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम में वाराणसी और आसपास के जाने-माने खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किए जाने की बात सामने आ रही है। जिसमें दुनिया में काशी के रहने वाले हॉकी के खिलाड़ी ललित उपाध्याय, वेटलिफ्टर पूनम यादव सहित कई अन्य स्थानीय खिलाड़ियों का भी नाम शामिल होने की बात सामने आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications