Kashi Vishwanath धाम में श्रद्धा का महासागर, दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें, फूलों से हुआ भक्तों का स्वागत
Kashi Vishwanath Temple: श्रावण मास के पहले सोमवार के दिन काशी विश्वनाथ मंदिर में भक्तों का रेला नजर आ रहा है। भोर से ही बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। गंगा जल से जलाभिषेक के लिए कांवड़िए रात में ही मंदिर पहुंच गए।
मंदिर के कपाट भोर में चार बजे विशेष श्रृंगार के बाद खोले गए। मंगला आरती होते ही पूरे धाम में 'हर हर महादेव' का उद्घोष गूंज उठा। दर्शन-पूजन का सिलसिला आरती के बाद पूरे दिन ऐसे ही जारी रहने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।

काशी में हो रही बारिश के बीच भक्तों का उत्साह ठंडा नहीं पड़ रहा। रातभर रुक-रुककर वर्षा होती रही लेकिन आस्था की गर्मी वैसी ही बनी रही। शिवभक्त कतार में खड़े होकर भक्ति गीत गाते और हर हर महादेव का जयकारा लगाते हुए बाबा दरबार की तरफ बढ़ते नजर आये।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, अफसर खुद मौजूद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर के साथ पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात है। खुद पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और डीएम सत्येंद्र कुमार सुबह से निगरानी में जुटे हैं।
सुरक्षा के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है। ट्रैफिक सुचारू रखने के लिए गोदौलिया से मंदिर परिसर तक डायवर्जन लागू किया गया है। अलग-अलग प्वाइंट्स पर बैरिकेडिंग कर भीड़ को व्यवस्थित किया जा रहा है।
फूलों से स्वागत, व्यवस्थाओं में दिखी तत्परता
श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में फूलों की वर्षा से स्वागत किया गया। मंदिर प्रशासन ने पेयजल, चिकित्सीय सहायता और खोया-पाया केंद्र जैसी व्यवस्थाएं सक्रिय की हैं। श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए वॉलंटियर्स भी तैनात हैं।
प्रशासनिक अधिकारी दिनभर मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करते नजर आ रहे हैं। साफ-सफाई, भीड़ नियंत्रण और आपात सेवाओं को लेकर मंदिर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हर व्यवस्था को समय-समय पर अपडेट किया जा रहा है।
श्रावण मास के पहले सोमवार पर बाबा विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। फूलों और भस्म से की गई सजावट ने भक्तों का मन मोह लिया। मंदिर को सजाने के लिए रात में रंग-बिरंगी लाइटों का उपयोग किया गया, जिससे पूरा परिसर प्रकाशित हो उठा।
श्रद्धालु बाबा के दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक में भी भाग ले रहे हैं। सुबह से ही श्रद्धालुओं की ओर से जल अर्पण का सिलसिला जारी है।
8 लाख से अधिक भक्तों के पहुंचने का अनुमान
मंदिर प्रशासन के अनुसार, सोमवार रात तक करीब आठ लाख श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर सकते हैं। दर्शन के लिए तीन से चार किलोमीटर लंबी लाइनें लगी हुई हैं। हर साल सावन में काशी में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है, लेकिन इस बार व्यवस्थाएं पहले से अधिक चाक-चौबंद दिखाई दे रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications