तीसरी बार हॉकी वर्ल्ड कप में खेलेंगे काशी के ललित, माता-पिता बोले- सब बाबा विश्वनाथ की कृपा है
वाराणसी के शिवपुर इलाके के भरतपुर में रहने वाले ललित उपाध्याय का चयन हॉकी वर्ल्ड कप खेलने वाली टीम में होने के बाद उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

काशी के रहने वाले ओलंपियन ललित उपाध्याय तीसरी बार हॉकी वर्ल्ड कप खेलेंगे। ललित उपाध्याय का वर्ल्ड कप में खेलने के लिए चयन होने के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं ललित का कहना है कि वर्ष 2023 में भारतीय हॉकी टीम वर्ल्ड कप जीतेगी। ललित उपाध्याय का कहना है कि भारतीय टीम के खिलाड़ी काफी बेहतर प्रैक्टिस कर रहे हैं। 1975 में भारतीय टीम ने हॉकी वर्ल्ड कप जीता था अब 47 साल बाद वर्ष 2023 में भारतीय हॉकी टीम वर्ल्ड कप जरूर जीतेगी।

पूर्व में दो बार खेल चुके हैं वर्ल्ड कप
वाराणसी जिले के शिवपुर के भरतपुर के रहने वाले ललित उपाध्याय इसके पहले वर्ष 2014 में नीदरलैंड में आयोजित हॉकी वर्ल्ड कप और वर्ष 2018 में भुवनेश्वर में आयोजित हॉकी वर्ल्ड कप में खेल चुके हैं। इस बार हॉकी वर्ल्ड कप में खेलने के लिए तीसरी बार उनका चयन हुआ है। ललित उपाध्याय टोक्यो में आयोजित टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीते थे। ललित उपाध्याय का कहना है कि भारतीय टीम इस बार विश्व कप जीतने के लिए काफी बेहतर प्रैक्टिस कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन भारत में ही किया जाएगा ऐसे में घरेलू ग्राउंड होने के चलते खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

हाल ही में योगी सरकार बनाया डिप्टी एसपी
यह भी बता दें कि ललित उपाध्याय को अभी पिछले सप्ताह ही योगी सरकार द्वारा डिप्टी एसपी के पद पर नियुक्त किया गया है। वर्ष 2020 में टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने के बाद ललित कुमार उपाध्याय को जहां अर्जुन अवार्ड से नवाजा गया था, वहीं एक करोड़ रुपए का नगद पुरस्कार भी दिया गया था। इसके अलावा वर्ष 2017 में उन्हें लक्ष्मण पुरस्कार भी मिला था। ललित कुमार उपाध्याय अब तक 210 से अधिक मैच खेल चुके हैं। ललित कुमार उपाध्याय को पहले उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ओएसडी बनाने का ऑफर दिया गया था, लेकिन उन्होंने उसे ठुकरा दिया था इसके बाद ललित कुमार उपाध्याय को 14 दिसंबर को डिप्टी एसपी बनाया गया।

ललित के घर पहुंचकर लोगों द्वारा दी जा रही बधाई
बीते शुक्रवार को हॉकी वर्ल्ड कप टीम के लिए घोषणा की गई। जिसमें काशी के रहने वाले ललित उपाध्याय का नाम भी शामिल किया गया। ललित उपाध्याय का नाम शामिल होने के बाद से ही उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनके पिता सतीश उपाध्याय और उनकी माता रीता उपाध्याय बेटे का चयन भारतीय हॉकी टीम में वर्ल्ड कप खेलने के लिए होने के बाद खुशी जाहिर की। माता-पिता ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की कृपा और ललित उपाध्याय की मेहनत से ही सब कुछ संभव हो पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि हम बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करते हैं कि इस बार भारतीय टीम हॉकी वर्ल्ड कप में जीत हासिल करें और उनका बेटा बेहतर प्रदर्शन करे।












Click it and Unblock the Notifications