यूपी चुनाव में जीत का मंत्र देने वाराणसी पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, पुण्यतिथि पर महामना को दी श्रद्धांजलि
वाराणसी, 12 नवंबर। उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय चुनावी दौरे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वाराणसी पहुंचे। इस दौरान वे वाराणसी और पूर्वांचल में पार्टी के कार्यकर्ताओं को यूपी चुनाव में जीत का मंत्र देंगे। गृह मंत्री अमित शाह शाम करीब 5:00 बजे बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के सिंह द्वार पर पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने पहुंचे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी साथ रहे। पुष्प अर्पित करने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। वे आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को जीत का मंत्र संगठन की बैठक में देने वाले हैं। बीजेपी के कार्यकर्ताओं की मानें तो आज अमित शाह अचानक नहीं आए थे। आज पंडित मदन मोहन मालवीय की पुण्यतिथि है और यह कार्यक्रम गोपनीय तरीके से पहले से निर्धारित की गई थी।
Recommended Video

2022 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव होना है। इस चुनाव को लेकर सभी सियासी पार्टी अपना रुख साफ करना शुरू कर चुकी है। इसी कड़ी में 13 और 14 नवम्बर को बीजेपी संगठन की बैठक कर रही है। इस बैठक में उत्तर प्रदेश के 403 विधानसभा सीटों के प्रभारी और 98 जिला अध्यक्ष को अमित शाह जीत का मंत्र देंगे। वाराणसी में होने वाली बैठक को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। बड़ा लालपुर के ट्रेड फैसिलिटी सेंटर में अमित शाह बड़ी बैठक लेने वाले हैं, जिसमें प्रभारियों समेत कई सांसद, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, दोनों डिप्टी सीएम मौजूद रहेंगे। आज के संगठन की बैठक के बाद शनिवार को वे अखिल भारतीय राजभाषा कार्यक्रम को भी संबोधित करने वाले हैं। इस बैठक को लेकर बीजेपी संगठन के लोग पहुंच चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications