Gyanvapi Varanasi: 31 साल बाद खुला व्यासजी का तहखाना, दर्शन के लिए लगी लोगों की कतार, जानें आरती का समय
Gyanvapi Varanasi: वाराणसी की ज्ञानवापी परिसर में स्थित व्यास जी के तहखाने में रखी गई मूर्तियों का दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की कतार लग रही है। 31 साल से बंद पड़े तहखाने में बुधवार की देर रात अधिकारियों की मौजूदगी में पूजा प्रारंभ हुआ।
उसके बाद गुरुवार सुबह से तहखाना खुलने की जानकारी होने के बाद श्रद्धालुओं का भी उसी रास्ते आवागमन होने लगा। श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन करने के लिए उसे रास्ते जाने वाले श्रद्धालु तहखाने में रखी मुर्तियों का भी दर्शन करते नजर आए।

वहीं तहखाने में पूजा और आरती का समय भी जारी कर दिया गया है। हिंदू पक्ष के अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन द्वारा सोशल साइट एक्स पर मैसेज पोस्ट करके आरती के टाइमिंग की जानकारी दी गई है।
उनके द्वारा यह भी बताया गया है कि व्यास जी के तहखाने में पांच बार आरती की जाएगी। जिसमें मंगला आरती सुबह 3:30 बजे, भोग आरती दोपहर 12:00 बजे, सायंकाल 4 बजे और 7 बजे भी आरती होगी। इसके अलावा रात में साढ़े 10 बजे शयन आरती होगी।
दरअसल, वाराणसी जिला जज की अदालत द्वारा व्यास जी के परिवार की याचिका पर बुधवार को फैसला सुनाते हुए विकास जी के परिवार को तहखाने में पूजा की अनुमति दी गई थी। इसके लिए जिलाधिकारी को तहखाना में एक सप्ताह में पूजा करवाने का आदेश भी दिया गया था।
अदालत के आदेश के बाद बुधवार की रात में ही जिलाधिकारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम में पहुंचे। जिले के आला अधिकारियों और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़े लोगों के साथ बैठक कर बुधवार रात में ही तहखाने में पूजा शुरु करा दी गई।
रात में पूजा पाठ करने के बाद भोर में मंगला आरती भी कराई गई। गुरुवार की दोपहर तक आम लोगों को तहखाने की तरफ जाने की अनुमति नहीं थी हालांकि बाद में मंदिर प्रबंधन द्वारा फैसला लिए जाने के बाद इस रास्ते को खोला गया और लोग तहखाने के सामने से श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन करने के लिए जाने लगे। ऐसे में तहखाने से गुजरते समय लोगों ने वहां रखी मूर्तियों का भी दर्शन करना शुरू कर दिया जिसके चलते वहां कतार देखने को मिली।












Click it and Unblock the Notifications