Varanasi Gyanvapi: वाराणसी के मुस्लिम बहुल इलाकों में पसरा सन्नाटा, दुकानें बंद, चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात
Varanasi Gyanvapi: वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर स्थित व्यास जी के तहखाने में पूजा शुरू होने के बाद अंजुमन इंतजामिया मस्जिद कमेटी द्वारा बंद के आह्वान के बाद वाराणसी के मुस्लिम बहुल इलाकों में सन्नाटा पसरा हुआ है।
शुक्रवार सुबह से ही वाराणसी के मदनपुरा, दालमंडी, लल्लापुरा, रेवड़ी तालाब, हड़हा सराय और लोहता समेत अन्य मुस्लिम बहुल इलाकों में पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बल के जवान भी गश्त कर रहे हैं। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं।

बताया जा रहा है कि वाराणसी में सुरक्षा के लिए 2000 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। वहीं गेट नंबर 4 से श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने के लिए जाने वाले लोग दूर से ही सही लेकिन तहखाने का दर्शन जरुर कर रहे हैं। श्री काशी विश्वनाथ धाम और ज्ञानवापी मस्जिद समेत आसपास के इलाकों में में ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
दरअसल, ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में स्थित व्यास जी के तहखाने में उनके परिवार के लोगों को पूजा पाठ की अनुमति जिला जज द्वारा बुधवार को दी गई थी। आदेश में जिलाधिकारी को 7 दिनों के अंदर पूजा प्रारंभ करने के लिए कहा गया था।
ऐसे में जिले के आला अधिकारियों ने श्री काशी विश्वनाथ धाम और व्यास जी के परिवार के साथ बैठक कर बुधवार रात में ही तहखाने में पूजा प्रारंभ करा दिया था। गुरुवार की सुबह में भी तहखाने में मंगला आरती कराई गई। इसके अलावा गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने के लिए पहुंचने वाले लोग तहखाने की एक झलक पाने के लिए परेशान दिखे।
इस मामले से नाराज मुस्लिम समाज के लोग और अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी द्वारा गुरुवार रात में बनारस बंद का ऐलान किया गया था। ऐलान किए जाने के बाद से रात में ही कई मुस्लिम इलाकाें और मस्जिद के आसपास फोर्स तैनात कर दी गई थी। ऐसे में शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा अपनी दुकान बंद करते हुए बनारस बंद का समर्थन किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications