BHU की छात्राओं ने हाथ में डंडा लेकर निकाला मार्च, कहा- छेड़खानी करने वालों को देंगे तुरंत जवाब
बीएचयू कैंपस में पिछले 20 दिनों में 4 छात्राओं के साथ छेड़खानी की घटनाएं हो चुकी हैं। आए दिन हो रही छेड़खानी की घटनाओं को लेकर छात्राएं आक्रोशित हैं।

BHU कैंपस में छात्राओं संग लगातार हो रही छेड़खानी की घटनाओं से और कार्रवाई न किए जाने से नाराज छात्राओं द्वारा मार्च निकाला गया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आए दिन हो रही छेड़खानी की घटनाओं को लेकर छात्राएं आक्रोशित हैं। छेड़खानी की घटना से नाराज भगत सिंह छात्र मोर्चा से जुड़ी छात्राओं ने सोमवार को बीएचयू परिसर में मार्च निकाला। इस दौरान छात्राएं अपने हाथ में लाठी डंडा लेकर चल रही थी, छात्राओं ने 'बीएचयू प्रशासन होश में आओ' सहित अन्य नारे भी लगाए। छात्राओं ने कहा कि पुलिस और बीएचयू प्रशासन द्वारा उनकी मदद नहीं की जा रही है, ऐसे में अब जब भी बीएचयू परिसर में कोई भी मनचला यदि छात्रा के साथ छेड़खानी करेगा, तो उसका उसी समय जवाब दे दिया जाएगा।
Recommended Video

कैंपस में सुरक्षित महसूस नहीं कर रही छात्राएं
मार्च में शामिल छात्राओं द्वारा बताया गया कि बीएचयू परिसर में छात्राओं के साथ छेड़खानी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे साबित हो रहा है कि कैंपस में भी छात्राएं सुरक्षित नहीं है। हाल ही में दृष्टिबाधित छात्रा के साथ छेड़खानी की घटना हुई। शिकायत करने के बाद आरोपी के खिलाफ मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। ऐसे में आरोपी को तुरंत जमानत मिल गई और वह खुलेआम घूम रहा है। यह भी बताया गया कि इसके पहले भी कई ऐसी घटनाएं बीएचयू कैंपस में घटित हो चुकी हैं, जिसमें शिकायत करने के बावजूद भी बीएचयू प्रशासन और पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई न किए जाने के चलते मनचलों का मन बढ़ा हुआ है ऐसे में अब छात्राएं खुद अपनी सुरक्षा करेंगी।

विश्वनाथ मंदिर के मुख्य द्वार तक निकला गया मार्च
बीएचयू कैंपस में स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर से भगत सिंह छात्र मोर्चा के नेतृत्व में यह मार्च प्रारंभ किया गया जो विश्वविद्यालय कैंपस के विभिन्न रास्तों से होते हुए सिंह द्वार पर पहुंचकर समाप्त हुआ। मार्च में शामिल छात्रा आकांक्षा द्वारा बताया गया कि बीएचयू कैंपस में पिछले 20 दिनों में 4 छात्राओं के साथ छेड़खानी की घटनाएं हो चुकी हैं। छात्राओं के साथ छेड़खानी होने के बाद जब पुलिस और बीएचयू प्रशासन से शिकायत की जाती है तो उनके द्वारा मनचलों के ऊपर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है। बीएचयू कैंपस में लगातार हो रही छेड़खानी की घटनाओं को देखते हुए छात्राएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

ब्लाइंड स्टूडेंट्स भी दे रहे हैं धरना
पिछले दिनों बीएचयू परिसर में लिफ्ट देने के बहाने एक ब्लाइंड स्टूडेंट के साथ छेड़खानी की गई थी। छेड़खानी की शिकायत पुलिस से किए जाने पर मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी का चालान कर दिया गया, जिससे उसे जमानत मिल गई। ब्लाइंड स्टूडेंट्स को जब इसके बारे में जानकारी मिली तो वे बीएचयू परिसर में ही धरना प्रदर्शन करने लगे। ब्लाइंड से स्टूडेंट्स की मांग है कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाए। छात्रावास की सुरक्षा बढ़ाई जाए और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाए, इन्हीं सब मांगों को लेकर ब्लाइंड स्टूडेंट धरने पर बैठे हैं।












Click it and Unblock the Notifications