सीएम योगी पहुंचे Varanasi, महामंडलेश्वर स्वामी रामचंद्र गिरि से किए मुलाकात, शाम को मेहमानों संग करेंगे डिनर
G20 Summit: जी20 सम्मेलन वाराणसी में शुरू हो गया है। दोपहर में सीएम योगी भी वाराणसी पहुंचे। शाम को विदेशी मेहमानों के साथ डिनर करेंगे।
G20 Summit: वाराणसी में जी-20 की मंत्री स्तर की बैठक रविवार से प्रारंभ हो गई है। सम्मेलन में विदेश से आने वाले मेहमानों के स्वागत और उनके साथ बैठक करने के लिए विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर शनिवार सायं काल ही वाराणसी पहुंच गए थे। वहीं रविवार दोपहर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वाराणसी पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने वाराणसी के कैंट विधानसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ टिफिन बैठक किए। टिफिन बैठक करने के अलावा उन्होंने सरकार के 9 साल पूरे होने पर सरकार की योजनाओं के बारे में कार्यकर्ताओं और नेताओं से चर्चा किया।

इस दौरान संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि भारत दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है और देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा समय में देश से अलगाववाद और आतंकवाद समाप्त हो चुका है।
बैठक में नेताओं कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री वाराणसी के कैलाश मठ पहुंचे। वहां 102 वर्षीय महामंडलेश्वर स्वामी रामचंद्र गिरी से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी पूछे। इसके अलावा कैलाश मठ में ही उन्होंने महादेव के दर्शन भी किए।
दर्शन पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री वापस सर्किट हाउस में लौट गए। बताया जा रहा है कि सर्किट हाउस से शाम 7:55 बजे सीएम वाराणसी के ताज होटल में पहुंचेंगे। होटल में जी-20 के मेहमानों के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से आयोजित डिनर में शामिल होंगे।
डिनर करने के बाद रात्रि में सीएम वापस लौट कर पुनः सर्किट हाउस जाएंगे और रात्रि विश्राम करेंगे। उसके बाद सोमवार को 11:20 बजे मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और हवाई अड्डे से प्रतापगढ़ के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
मेहमानों के आगमन में सजा है पूरा शहर: जी 20 में शामिल देशों के मंत्रियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए वाराणसी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। जिन चौराहों और बाजारों से मंत्रियों का आवागमन होना है, उन चौराहों पर काफी भव्य सजावट हुई है।
काशी के लोगों का कहना है कि इससे पहले शिंजो अबे के आगमन के समय काशी में इसी तरीके से भब्य सजावट हुई थी। अब एक बार फिर काशी में गंगा नदी से लेकर शहर के चौराहों पर भब्य सजावट हुई है। शाम को रंगबिरंगी लाइटों के जलने से भब्यता और बढ़ जा रही है।
गंगा नदी किनारे दशाश्वमेध घाट पर भी काफी भब्य सजावट हुई है। घाट की सीढ़ियों पर सोफा लगाया गया है और फूलों से सजावट की गई है। जी 20 समिट में शामिल होने के लिए वाराणसी पहुंचे विदेशी मेहमान दशाश्वमेध घाट पर आयोजित होने वाली गंगा आरती में भी शामिल होंगे।
इसके अलावा विदेशी मेहमान सारनाथ और नमो घाट पर भी भ्रमण करने के लिए जाएंगे। मेहमानों के आवागमन को देखते हुए चिन्हित किए गए मार्गों पर 13 जून तक डायवर्जन व्यवस्था पहले ही लागू कर दिया गया है और सुरक्षाकर्मियों की भी तैनाती की जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications