Dussehra 2022 : बारिश में भीग गया रावण का परिवार, पुतला सीधा करने के लिए मंगाई गई क्रेन
Dussehra 2022 वाराणसी के बरेगा में लगाई गई 6 हजार कुर्सियां, बारिश में भीग गए रावण के 75 फीट ऊंचे पुतले को सीधा करने के लिए मंगाई गई क्रेन
वाराणसी, 05 अक्टूबर : देश में आज दशहरा का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। वाराणसी के बरेका में भी बुधवार को शाम 7 बजे रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाथ का पुतला दहन किया जाएगा। बरेका मैदान में इसके लिए तैयारियां तेजी से चल रही है लेकिन वाराणसी में बुधवार को सुबह में बरसात होने के चलते रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाथ का पुतला भीग गया और थोड़ा सा लटक गया। ऐसे में पुतले का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए लोगों ने कहा कि दहन के पूर्व ही रावण का पूरा परिवार भीग कर नतमस्तक हो गया। हालांकि पुतले को ठीक कराने के लिए क्रेन मंगाई गई और दोपहर तक उसे ठीक करा लिया गया।

75 फीट का रावण और 70 फीट का कुम्भकर्ण
बरेका की रामलीला देखने के लिए वाराणसी ही नहीं आसपास के कई जनपदों से काफी संख्या में लोग पहुंचते हैं। यहां का पुतला भी काफी ऊंचा बनाया जाता है। इस बार बरेका के केंद्रीय खेल मैदान में रावण का 75 फीट, कुंभकरण का 70 फीट और मेघनाथ का 65 फीट ऊंचा पुतला बनाया गया है। बरेका विजयादशमी समिति द्वारा बताया गया कि बुधवार को शाम 7:00 बजे पुतला दहन किया जाएगा। पुतला दहन से पूर्व 4:30 बजे से रामायण का पाठ मोनो एक्टिंग रूपक मंच द्वारा किया जाएगा और इसके बाद वहां पर आतिशबाजी भी देखने को मिलेगी।

बैठने के लिए 6 हजार कुर्सियां, जारी हुआ पास
बरेका की सुप्रसिद्ध रामलीला की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि केंद्रीय खेल मैदान में रामलीला देखने के लिए आने वाली रामलीला प्रेमियों हेतु 6000 कुर्सियां लगाई गई हैं। इसके अलावा रामलीला देखने के लिए आने वाले लोगों को पास भी वितरित किया गया है। सफेद रंग के पास धारकों को मुख्य गेट से प्रवेश दिया जाएगा जबकि लाल रंग के पास धारक बास्केटबॉल कोर्ट की तरह बने गेट से प्रवेश कर सकेंगे। इसी तरह हरा और पीला पास धारकों को प्रशासनिक भवन के तरफ बने गेट से प्रवेश दिया जाएगा। रामलीला देखने के लिए आने वाले आमजन को पूर्व दिशा में बने गेट से प्रवेश दिया जाएगा।

62 कलाकारों द्वारा किया जाएगा मंचन
बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने विजयादशमी मेले में आने वाले आगंतुकों से अपील किया है कि आगंतुक कोविड नियमों पालन करते हुए, मास्क लगाकर मैदान परिसर में पहुंचे। बरेका द्वारा जारी सूचना में यह भी बताया गया कि 62 कलाकारों द्वारा ढाई घंटे में राम वन गमन से रावण वध तक का मंचन किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications