Varanasi To Bangkok: अक्टूबर में शुरू हो सकती है सीधी उड़ान सेवा, इस एयरलाइन ने जारी किया शेड्यूल
Varanasi Bangkok Flight: वाराणसी से बैंकॉक के बीच सीधी विमान सेवा अक्टूबर माह में प्रारंभ होने की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए नॉक एयर द्वारा शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
Varanasi Bangkok Flight: वाराणसी से बैंकॉक के बीच 3 साल से बंद पड़ी विमान सेवा को इस साल अक्टूबर माह में प्रारंभ किया जा सकता है। इसके लिए बैंकॉक की एक विमानन कंपनी द्वारा शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
हालांकि इस बारे में वाराणसी एयरपोर्ट के अधिकारियों को कोई जानकारी नहीं दी गई है। इसके लिए विमानन कंपनी को डीजीसीए से अनुमति भी लेना पड़ेगा। फिलहाल, विमान सेवा प्रारंभ होने की जानकारी मिलने के बाद लोगों में खुशी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 3 साल से उन्हें बैंकॉक जाने के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। ऐसे में वाराणसी से सीधी विमान सेवा प्रारंभ हो जाने के बाद उन्हें वाराणसी से बैंकॉक जाने में काफी आसानी होगी।
मिलेगा अच्छा ट्रैफिक: ट्रेवेल्स ऑपरेटरों का कहना है कि वाराणसी से बैंकॉक के बीच सीधी विमान सेवा ना होने के चलते वाराणसी से बैंकॉक जाने वाली पूर्वांचल के लोगों को कनेक्टिंग विमानों का सहारा लेना पड़ता है।
अब कोरोना काल के तीन साल बाद वाराणसी से बैंकॉक के बीच सीधी विमान सेवा प्रारंभ करने की बात सामने आ रही है ऐसे में इस हवाई रूट पर यात्रियों की अच्छी ट्रैफिक देखने को मिलेगी। ट्रेवल्स ऑपरेटर द्वारा यह भी कहा गया कि विंटर सीजन में ही वाराणसी से बैंकॉक जाने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा होता है।
यह है फ्लाइट का शेड्यूल: जारी शेड्यूल के अनुसार थाईलैंड की विमानन कंपनी नॉक एयर के द्वारा वाराणसी से बैंकॉक की रूट पर 27 अक्टूबर से सप्ताह में 3 दिन विमान संचालित किया जाएगा। जारी शेड्यूल के अनुसार नॉक एयर का विमान भारतीय समय अनुसार सुबह 8:40 बजे बैंकॉक से उड़ान पड़ेगा।
बैंकॉक से उड़ान भरने के बाद यह विमान सुबह 10:00 बजे गया एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। गया एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद यही विमान 11:45 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगा। वाराणसी एयरपोर्ट से दोपहर 12:10 बजे विमान उड़ान भरेगा जो बैंकॉक के लिए सीधे प्रस्थान करेगा। थाईलैंड के समयानुसार यह विमान 5:40 बजे बैंकॉक में लैंड करेगा।
कोरोना के पहले तीन विमानन कंपनियां संचालित कर रही थी विमान: यह भी बता दें कि वाराणसी से बैंकॉक के बीच यात्रियों की अच्छी खासी आवाजाही होती है। यही कारण था कि कोरोना काल पहले वाराणसी बैंकॉक रूट पर स्पाइसजेट, इंडिगो और थाई स्माइल एयरवेज द्वारा अपने एक एक विमान संचालित किए जाते थे।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं पर रोक लगा दिया गया था। अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं पर रोक लगाए जाने के बाद पुनः जब अंतरराष्ट्रीय रूट पर विमान संचालित करने की अनुमति मिली तो वाराणसी से शारजाह और वाराणसी से काठमांडू के बीच अंतरराष्ट्रीय रुट पर विमान संचालित किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications