Varanasi Dengue : तेजी से पांव पसार रहा डेंगू, लोगों से की गई अपील
वाराणसी में Dengue के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं आलम यह है कि मंडलीय और राजकीय अस्पताल में बने डेंगू वार्ड फुल हो गए हैं। सीएमओ द्वारा अपील की गई है कि सभी लोग अपने आसपास पानी न जमा होने दें
वाराणसी में Dengue तेजी से पांव पसार रहा है। आलम यह है कि कबीरचौरा स्थित श्री शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल में बनाया गया डेंगू वार्ड फुल हो गया था। वार्ड फुल हो जाने के बाद अब अलग से वार्ड बनाए गए हैं, जहां पर मरीजों का उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक डेंगू के 89 मरीज मिल चुके हैं। वहीं रविवार को डेंगू के 5 मरीज मिले जिनका उपचार चल रहा है। रविवार को लंका की रहने वाली एक 50 वर्षीय महिला, सेवापुरी ब्लाक के अंतर्गत एक गांव की रहने वाली 35 वर्षीय महिला, सुंदरपुर निवासी 15 वर्षीय किशोर, संजय नगर कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति और चितईपुर के निवासी 25 वर्षीय युवक की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। ऐसे में डेंगू पर लगाम नहीं लग पा रहा है।

डेंगू की पुष्टि के लिए एलाइजा टेस्ट जरूरी
जिले में डेंगू के मरीजों की लगातार बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए सीएमओ संदीप चौधरी द्वारा जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को मरीजों का एलाइजा टेस्ट कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि एलाइजा टेस्ट कराने से ही डेंगू की पुष्टि हो सकती है। इसके अलावा उन्होंने अस्पतालों को यह भी निर्देश दिया है कि अस्पताल में भर्ती डेंगू के मरीजों का संपूर्ण विवरण भी उपलब्ध कराया जाए जिससे आंकड़े स्पष्ट हो सकें और मरीजों का बेहतर उपचार कराया जा सके। बिना एलाइजा टेस्ट कराए किसी भी व्यक्ति को डेंगू पॉजिटिव न घोषित किया जाए।

दीनदयाल और बीएचयू भेजा जाए ब्लड सैंपल
सीएमओ द्वारा जारी निर्देश ने अभी बताया गया कि जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पताल संचालकों द्वारा डेंगू मरीजों की पुष्टि के लिए उनके ब्लड सैंपल को आईएमएस बीएचयू भेजा जाए। आईएमएस बीएचयू स्थित माइक्रोबायोलॉजी विभाग की सेंटिनल सर्विलांस प्रयोगशाला और पंडित दीनदयाल राजकीय चिकित्सालय में स्थित एसएचएच प्रयोगशाला में भेजा जाए। दोनों जगह ब्लड सैंपल की जांच एलाइजा विधि द्वारा की जाएगी।

इन चीजों का सभी लोग दें ध्यान
सीएमओ डॉ संदीप चौधरी द्वारा लोगों से यह अपील की गई है कि अपने निवास स्थान के समीप या अपने आसपास कहीं भी लंबे समय तक पानी को इकट्ठा ना होने दें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं पर पानी जमा हो रहा है या मच्छर पनप रहे हैं तो उन्हें तत्काल नष्ट कर दें। उन्होंने यह भी कहा कि मच्छरों से बचने के लिए सभी लोग पूरी आस्तीन के कपड़े पहने जिससे मच्छर उन्हें ना काटने पाए। यदि किसी प्रकार की समस्या होती है तो तत्काल अपने नजदीकी चिकित्सालय में पहुंचकर जांच अवश्य कराएं और चिकित्सक के परामर्श अनुसार ही दवा का इस्तेमाल करें।












Click it and Unblock the Notifications