वाराणसी में सुबह-सुबह बदमाशों ने Cricket कोच को मारी गोली, अस्पताल में चल रहा इलाज
वाराणसी के डीएवी कॉलेज में सोमवार की सुबह मैदान में पहुंचे क्रिकेट कोच को बदमाशों ने गोली मार दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली उनके पेट में लगी उसके बाद बदमाश भाग निकले। घायल क्रिकेट कोच को अस्पताल में भर्ती कराया गया है

वाराणसी जिले के कोतवाली अंतर्गत डीएवी कॉलेज परिसर में सोमवार की अलसुबह बदमाशों द्वारा Cricket कोच को गोली मार दी गई। गोली उनके पेट में लगी और उसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार चल रहा है।
गोली लगने से घायल क्रिकेट कोच की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है वहीं सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि वाराणसी जिले के कबीरचौरा के रहने वाले 62 वर्षीय क्रिकेट कोच राम लाल यादव उर्फ दादा प्रतिदिन सुबह में डीएवी कॉलेज के मैदान में टहलने के लिए जाते थे। सोमवार की सुबह डीएवी कॉलेज परिसर स्थित मैदान में वे टहलने के लिए गए थे।
डीएवी कालेज परिसर में पहुंचने के बाद पहले से ही घात लगाए दो बदमाशों ने उनको लक्ष्य पर गोली चला दी। गोली राम लाल यादव के पेट के ऊपरी हिस्से में लगी उसके बाद वहीं पर वह गिर गए। सुबह-सुबह गोली की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया।
वहीं कोच राम लाल यादव को गोली मारने के बाद जब वहां से बदमाश भाग निकले तो स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गोली लगने के चलते घायल रामलाल यादव को अस्पताल में उपचार करने के लिए ले गए और पुलिस को सूचना दिए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल प्रारंभ की। मलदहिया स्थित एक निजी चिकित्सालय में घायल क्रिकेट कोच को भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं रामलाल यादव को गोली क्यों मारी गई इसके बारे में भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।












Click it and Unblock the Notifications