Chhath Puja 2022: दिवाली के बाद वाराणसी में छठ की तैयारियां शुरू, बाजार में चहल-पहल बढ़ी
Chhath Puja को लेकर वाराणसी में तेजी से तैयारियां चल रही हैं, बाढ़ का पानी कुछ दिन पूर्व ही घटने के चलते घाटों पर गंदगी फैली है जिसे साफ किया जा रहा है। बाजारों में चहल पहल बढ़ गई है।
Chhath Puja को लेकर वाराणसी में तैयारियां शुरू हो गई हैं। वाराणसी में गंगा नदी के किनारे घाटों पर और तालाबों व कुंडों तथा वरुणा नदी के किनारे साफ-सफाई तेजी से चल रही है। बुधवार को कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव गंगा किनारे पहुंचे और घाट पर की जा रही सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। गंगा नदी में बाढ़ आने के बाद भारी मात्रा में मिट्टी और गाद नदी के किनारे जमा हैं। उसे हटाने के लिए नगर निगम द्वारा भी युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। सफाई के लिए मजदूरों के अलावा दर्जनभर पंप भी लगाए गए हैं और अस्सी घाट के साथ ही गंगा नदी के किनारे कई घाटों पर जमा मिट्टी और गाद को हटाया जा रहा है।

30 अक्टूबर को जुटेगी 10 लाख लोगों की भीड़
वाराणसी में गंगा किनारे के घाटों के साथ ही वरुणा नदी, बीएलडब्लू और ग्रामीण क्षेत्रों में गांव में स्थित तालाबों तथा कुंडों पर महिलाओं द्वारा छठ पूजा की जाती है। 28 अक्टूबर से शुरू हो रहे लोक आस्था का यह महापर्व नहाय खाय के साथ शुरू होगा और 31 अक्टूबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्ध्य अर्पित करके पारण किया जाएगा। छठ पूजा के पर्व पर 30 अक्टूबर को वाराणसी में 10 लाख से अधिक लोगों के जुटने की उम्मीद है।

वाराणसी में बाजारों में भी बढ़ी रौनक
छठ पर्व को देखते हुए जहां वाराणसी जिले में तैयारियां तेजी से चल रही है वहीं पूजन सामग्री की दुकानें भी सज गई हैं। दउरा, टोकरी और सूप के साथ ही फल फूल की दुकानें भी सज कर तैयार हो चुकी हैं। इस बार मार्केट में अलग-अलग डिजाइन के बांस के बने दउरा, सूप और टोकरी व चांदी के सूप भी देखने को मिल रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि ग्राहकों की मांग को देखते हुए और छठ पर्व की परंपरा के अनुसार नए डिजाइन में तैयार हुई सामग्रियों की खींच भी काफी बढ़ गई है। बुधवार को काफी संख्या में महिलाओं ने पूजन सामग्रियों की खरीदारी की।

विधायक बोले- श्रद्धालुओं को न होने पाए समस्या
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव बुधवार को गंगा किनारे घाटों पर भ्रमण किए। भ्रमण के दौरान उन्होंने साफ सफाई आदि की व्यवस्था का जायजा लिया और साफ सफाई में लगे लोगों से कहा कि घाट किनारे शीघ्र अति शीघ्र साफ सफाई करते हुए तैयारी पूरी कर ली जाए। उन्होंने यह भी कहा कि हमारा पूरा प्रयास रहेगा कि छठ पर्व पर पूजा करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

बैठक न होने से भोजपुरी समाज नाराज
भोजपुरी समाज द्वारा इस बार छठ पर्व में अपना सहयोग नहीं किया जा रहा है। भोजपुरी समाज के अध्यक्ष सोमनाथ ओझा द्वारा बताया गया कि इस बार जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा छठ पर्व को लेकर बैठक नहीं की गई और भोजपुरी समाज के लोगों से विचार-विमर्श भी नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि हर बार एक महीने पहले से ही इसकी तैयारियां शुरू हो जाती थी। बैठक करके विचार विमर्श करने के साथ ही प्लान तैयार कर लिया जाता था। इस बार जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों द्वारा इस विषय में कोई चर्चा नहीं की गई, जिसके चलते भोजपुरी समाज दुखी है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी से भी अभी तक भोजपुरी समाज को छठ पूजा कराने के लिए कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications