अवधेश राय हत्याकांड की मूल केस डायरी गायब, मुख्तार अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
वाराणसी में 31 वर्ष पूर्व हुए अवधेश राय हत्याकांड की मूल केस डायरी गायब, मुख्तार अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
वाराणसी, 21 जुलाई : वाराणसी जिले के लहुराबीर में 3 अगस्त 1991 को हुए अवधेश राय हत्याकांड की मूल केस डायरी गायब हो गई है। मूल केस डायरी गायब होने के बाद कचहरी चौकी प्रभारी विनोद मिश्रा के तहरीर पर पूर्व विधायक और माफिया मुख्तार अंसारी के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। चौकी प्रभारी की तहरीर पर कैंट थाने में आईपीसी की धारा 409 व 120 बी के तहत मुख्तार अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस द्वारा विवेचना शुरू कर दी गई है। मूल केस डायरी गायब होने के बाद मुख्तार अंसारी के खिलाफ वाराणसी के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर उसके खेमे में खलबली मची हुई है।

31 साल पूर्व लहुराबीर में हुई थी अवधेश राय की हत्या
31 साल पूर्व 3 अगस्त 1991 को वाराणसी के लहुराबीर में पूर्व विधायक अजय राय के बड़े भाई अवधेश राय की हत्या कर दी गई थी। अपने घर के सामने सुबह में वे बाहर निकल रहे थे उसी समय हत्यारों ने उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया था। हत्या किए जाने के बाद इस मामले में मुख्तार अंसारी, पूर्व विधायक अब्दुल कलाम, कमलेश सिंह, भीम सिंह और राकेश न्यायिक समेत अन्य के खिलाफ अजय राय ने चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में वाराणसी की अदालत में सुनवाई चल रही है। सुनवाई के दौरान अब यह पता चला है कि इस मामले में हत्याकांड की मूल केस डायरी ही गायब है।
आरोप पत्र दाखिल होने के बाद अदालत ने किया था आरोप तय
अजय राय द्वारा मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद चेतगंज पुलिस द्वारा आरोप पत्र दाखिल किया गया था। इस मामले में अदालत ने 10 सितंबर 2007 को पूर्व विधायक और माफिया मुख्तार अंसारी पर आरोप तय किए थे। उसके बाद से ही इस मामले की सुनवाई अदालत में चल रही है। मूल केस डायरी कोर्ट से गायब हो जाने के बाद फोटोस्टेट पत्रावली पर ही सुनवाई चल रही है। वहीं यह भी बता दें कि वर्तमान समय में माफिया मुख्तार अंसारी बांदा जेल में बंद है।












Click it and Unblock the Notifications