BHU में प्रोफेसर ने रिसर्च स्कॉलर पर फेंका जूठा समोसा, जातिसूचक गाली देने का भी आरोप, VC से की शिकायत
BHU News Today: काशी हिंदू विश्वविद्यालय के एक रिसर्च स्कॉलर द्वारा एक सीनियर प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगाया गया है। स्कॉलर का आरोप है कि प्रोफेसर ने उसके ऊपर जूठा समोसा फेंक कर उसे मारा। इसके अलावा जाति सूचक गालियां भी दी।
इस मामले को लेकर स्कॉलर द्वारा विश्वविद्यालय के वीसी प्रोफेसर एसके जैन से शिकायत की गई है और कार्रवाई की मांग की गई है। स्कॉलर का आरोप है कि प्रोफेसर ने मीटिंग में सबके सामने ही अपना जूठा समोसा फेंक कर उसे मारा है।

दरअसल, यह पूरा मामला काशी हिंदू विश्वविद्यालय के आयुर्वेद फैकल्टी का है। आयुर्वेद फैकल्टी के रचना शरीर विभाग के शोध छात्र द्वारा आरोप लगाया गया की 30 मई 2024 को जेआरएफ और एसआरएफ होने के लिए विभाग के हाल में साक्षात्कार चल रहा था।
शोध छात्र का कहना है कि साक्षात्कार संपन्न हो जाने के बाद साक्षात्कार में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों के लिए नाश्ता पानी की व्यवस्था की गई थी। पीड़ित का आरोप है कि कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग नाश्ता कर रहे थे।
इसी दौरान वह अपने मोबाइल फोन में सभी लोगों का एक ग्रुप फोटो लेने लगा। फोटो खींचने के दौरान ही सीनियर प्रोफेसर नाराज हो गए और उन्होंने अपने प्लेट में रखा जूठा समोसा फेंक कर उसे मार दिया। प्रोफेसर का यह रवैया देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए।
छात्र का आरोप है कि प्रोफेसर इतने पर ही नहीं रुके उसके बाद उन्होंने जाति सूचक गालियां देना शुरू कर दी और कहा कि इतना भी तमीज नहीं है कि खाते समय किसी की फोटो नहीं खींचनी चाहिए। कुछ लोगों ने उन्हें शांत करने का प्रयास किया तो उनसे भी वह उलझ गए।
इस मामले में छात्र द्वारा वीसी को लेटर लिखा गया है। छात्र का आरोप है कि इसकी शिकायत उसने घटना के बाद कॉपी रजिस्टार ऑफिस, डीन ऑफ स्टूडेंट और सुरक्षा अधिकारी से की थी। शिकायत के बाद भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।












Click it and Unblock the Notifications