'मेरी जान को खतरा', आकांक्षा दुबे की मां का Video Viral, बोलीं- कोई रख रहा है हम पर नजर
भोजपुरी फिल्म एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे मौत मामले में अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। आकांक्षा की मां मधु दुबे ने वीडियो जारी कर कहा कि उनकी जान को खतरा है।

भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे मौत प्रकरण में आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे का सोशल मीडिया पर एक Video Viral हुआ है। वीडियो में आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे कह रही हैं कि उनकी जान को खतरा है और यदि उन्हें कुछ होता है तो इसके पीछे समर सिंह तथा समर के भाई संजय सिंह का हाथ होगा। इस मामले में आकांक्षा दुबे की मां का वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर माहौल गर्म हो गया है।
मेरे व परिवार के ऊपर कोई नजर रख रहा
दरसअल, भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है उसमें उन्होंने कहा है कि मुंबई से वाराणसी आने के बाद पहले दिन उनको किसी प्रकार का डर या भय नहीं लगा। लेकिन उसके बाद उन्हें ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कोई व्यक्ति है जो हमेशा उनका पीछा कर रहा है उन पर निगरानी रख रहा है। उनके घर पर और परिवार के सदस्यों पर भी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि उनके साथ या उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी समर सिंह और समर सिंह के भाई संजय सिंह की होगी।
सीएम से मिलकर लगाएंगी न्याय की गुहार
आकांक्षा दुबे की मौत के बाद इस मामले में आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे द्वारा सारनाथ आने में भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद समर सिंह और संजय सिंह की गिरफ्तारी न होने के चलते आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने परिवार के साथ सारनाथ थाने में नारेबाजी और धरना प्रदर्शन भी किया था। पुलिस द्वारा 24 घंटे में समर सिंह की गिरफ्तारी की बात कही गई थी बावजूद इसके समर सिंह की गिरफ्तारी नहीं हुई। उसके बाद आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे पुलिस कमिश्नर वाराणसी मुथा अशोक जैन से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई थीं। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो अब पुलिस द्वारा कोई मदद न मिलने के चलते आकांक्षा दुबे की मां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर न्याय की मांग करने वाली हैं। उनका कहना है कि इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही उनके साथ न्याय कर सकते हैं।
अधिवक्ता भी पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
अधिवक्ता वादिनी मुकदमा शशांक शेखर त्रिपाठी द्वारा इस मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय में एक मांग पत्र ईमेल किया गया है। उन्होंने अभिनेत्री आकांक्षा दुबे प्रकरण की जांच सीबीसीआईडी या सीबीआई से कराए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि आकांक्षा दुबे प्रकरण से जुड़े होटल तथा अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखा जाए। जो व्यक्ति आकांक्षा दुबे को रात में होटल में छोड़ने आया था उसका नारको टेस्ट कराया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिस गाड़ी में आकांक्षा दुबे की लटकती हुई लाश मिली थी उस साड़ी और फंदे का फॉरेंसिक हुआ फिंगरप्रिंट जांच कराया जाए। 14 बिंदुओं पर प्रेषित किए गए मांग पत्र में अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी द्वारा कई अन्य महत्वपूर्ण बातें लिखी गई हैं।
समर सिंह की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस पर उठ रहे सवाल
फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के एक सप्ताह बाद भी अभी तक भोजपुरी सिंगर समर सिंह को पुलिस पकड़ नहीं पाई है। ऐसे में आकांक्षा दुबे को जानने वाले लोगों सहित अन्य लोगों द्वारा भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया जा रहा है। यह भी बता दें कि इसके पूर्व में आकांक्षा दुबे की मां ने पुलिस के ऊपर समर सिंह के साथ मिले होने का आरोप लगाया था। आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने कहा था कि सारनाथ थाने की पुलिस आरोपी समर सिंह के साथ मिली हुई है और वह उसे गिरफ्तार नहीं करना चाहती है। वहीं पुलिस का कहना है कि समर सिंह को गिरफ्तार करने के लिए वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर के अलावा बिहार,पटना और महाराष्ट्र में भी पुलिस टीम द्वारा छापेमारी की गई। समर सिंह की मोबाइल बंद है और वह अपने परिवार के लोगों से भी संपर्क नहीं कर पा रहा है ऐसे में समर सिंह की लोकेशन नहीं मिल पा रही है जिसके चलते गिरफ्तारी में समय लग रहा है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications