Banaras Railway Station की पार्किंग दरें उड़ा रहीं होश, साइकिल के लिए 24 घंटे का वसूले जा रहे 1200 रुपये
Banaras Railway Station: वाराणसी के बनारस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए पार्किंग अब एक बड़ी समस्या बन गई है। बाइक और साइकिल पार्क करने के लिए यात्रियों को हजारों रुपये चुकाने पड़ रहे हैं, जो किसी झटके से कम नहीं। स्टेशन के दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों पर निजी संचालकों की मनमानी से लोग परेशान हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पहले जहां 10-20 रुपये में काम चल जाता था। अब वही पार्किंग सैकड़ों और हजारों में पहुंच गई है। खासकर प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पास तो हालात सबसे खराब हैं। यात्रियों को हर घंटे के लिए जेब ढीली करनी पड़ रही है। जिससे रेलवे की छवि पर भी असर पड़ रहा है।

इस बारे में स्थानीय समाजसेवी डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने जब यह मामला देखा तो तुरंत रेलवे के उच्च अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं। डा. राजेश श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की कायदे से जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
साइकिल का किराया 1200 रुपये
पार्किंग के किराए सुनकर हर यात्री चौंक जाता है। मोटरसाइकिल के लिए 24 घंटे का किराया 2400 रुपये, यानी 1 घंटे का 100 रुपये! वहीं यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि स्टैंड पर साइकिल जैसी साधारण सवारी के लिए भी 1200 रुपये की मांग की जा रही है।
इस बारे में स्थानीय लोगों का कहना है कि ये दरें दिल्ली या मुंबई जैसे मेट्रो शहरों में भी नहीं ली जातीं। यहां तो पार्किंग वाले खुलेआम लूट रहे हैं, और रेलवे आंख मूंदे बैठा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी रही, जिससे यात्रियों में नाराजगी है।
हर दिन 40 हजार यात्रियों की आवाजाही
बनारस रेलवे स्टेशन से हर रोज़ करीब 40,000 यात्री यात्रा करते हैं। शिवगंगा, काशी विश्वनाथ और जनशताब्दी जैसी प्रमुख ट्रेनें यहां से चलती हैं। इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। खासकर पार्किंग जैसी ज़रूरी सेवा की हालत चिंताजनक है।
रेलवे प्रशासन ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया है। सीनियर डीसीएम शेख रहमान ने कहा कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं और एक कमेटी का गठन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर पार्किंग संचालक दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रेलवे यात्रियों की सुविधा को लेकर कोई समझौता नहीं करेगा।












Click it and Unblock the Notifications