BHU के राजाराम छात्रावास में अनजान वायरस से हड़कंप, आंखों से नहीं देख पा रहे 50 छात्र
बीएचयू के राजा राममोहन राय छात्रावास में रहने वाले 50 छात्रों की आंखों से दिखाई नहीं दे रहा है। छात्रों की बीमारी को देखते हुए छात्रों का एग्जाम रद्द कर दिया गया है।

Banaras Hindu University (BHU) के राजा राम मोहन राय छात्रावास में रहने वाले चार दर्जन से अधिक छात्र अनजान वायरस की चपेट में आ गए हैं। बताया जा रहा है कि वायरस से ग्रसित होने के कारण छात्रों को दिखाई नहीं दे रहा है। यह भी बात सामने आ रही है कि अन्य छात्रों में भी ऐसी समस्या तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में छात्र काफी परेशान हैं। वहीं वायरस के चलते सामाजिक विज्ञान संकाय की सेमेस्टर परीक्षा को रद्द करते हुए यूनिवर्सिटी की तरफ से छात्रों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है।
सप्ताह भर में तीन दर्जन छात्रों में फैल गया वायरस
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो एक से दो सप्ताह पहले बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी के राजाराम मोहन राय छात्रावास में रहने वाले दो छात्रों की आंखों में समस्या हुई। उसके बाद छात्र दवा और उपचार के लिए डॉक्टर के पास पहुंचे। हालांकि मात्र दो छात्रों की आंखों में समस्या होने के चलते छात्र इसे गंभीरता से नहीं लिए लेकिन महज सप्ताह भर में तीन दर्जन से अधिक छात्र इसकी चपेट में आ गए। सभी छात्रों की आंखों में एक ही तरह की समस्या है।
आंखें हो रही लाल, देखना मुश्किल
रिपोर्ट की मानें तो जो भी छात्र इस वायरस की चपेट में आए हैं उनकी आंखें लाल हो गई हैं और छात्र देख नहीं पा रहे हैं या देखने में उन्हें कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि सबसे पहले जिन छात्रों की आंखों में समस्या हुई थी वे करीब दस दिन में ठीक हो गए। फिलहाल यूनिवर्सिटी प्रशासन के मुताबिक यह वायरस कितना खतरनाक है, यह कहना मुश्किल है। वहीं मामले को देखते हुए यूनिवर्सिटी की ओर से एडवाइजरी जारी करते हुए छात्रों को इससे बचने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रहीं जांच
कहा जा रहा है कि ग्रसित छात्रों के संपर्क में आने के चलते ही यह फैल रहा है। यही कारण है कि एक ही छात्रावास में रहने वाले छात्र इसकी चपेट में हैं। ऐसे में छात्रों को आराम करने की सलाह दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार इतनी संख्या में छात्रों के बीमार होने के बाद स्वास्थ्य विभाग को सूचना दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है। हालांकि जानकारों का कहना है कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह संक्रमण एक दूसरे के संपर्क में आने से फैल रहा है, क्योंकि जो छात्र संक्रमित हुए हैं वे अपने विभाग और अन्य छात्रावासों में भी जा रहे थे, लेकिन किसी अन्य छात्रावास से अभी ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए। इसे लेकर कुछ लोग काफी चिंतित नजर आ रहे हैं तो कुछ लोग इसे कजंक्टिवाइटिस (आंख आना) मान रहे हैं।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications